होली को लेकर मालदा रेल मंडल की आमदनी में हुई उल्लेखनीय बढ़ोतरी

जमालपुर स्टेशन ने भी पिछले वर्ष की तुलना इस वर्ष किया बेहतर प्रदर्शन

जमालपुर. होली के मौके पर दूर दराज के इलाके में काम करने वाले लोग वापस अपने घर लौटते हैं. इस दौरान वे लोग रेल की यात्रा करते हैं. पिछले वर्ष 2025 में 15 फरवरी से 15 मार्च के बीच जितने रेल यात्रियों ने मालदा रेल मंडल में यात्रा की. इसी अवधि में चालू वर्ष में यात्रियों की संख्या अधिक रही. इससे रेलवे को अधिक राजस्व की प्राप्ति हुई. इतना ही नहीं जमालपुर रेलवे स्टेशन पर भी आलोच्य अवधि में पिछले वर्ष की तुलना अधिक रेल यात्रियों ने यात्रा की और रेलवे को बेहतर राजस्व की प्राप्ति हुई.

प्राप्त आंकड़े बताते हैं कि पिछले वर्ष 15 फरवरी से 15 मार्च के बीच की अवधि में 4.47 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की थी. इससे रेलवे को 27.18 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ था. इस वर्ष आलोच्य अवधि में रेल यात्रियों की संख्या बढ़कर 4.74 लाख हो गयी, यह रेल यात्रियों की संख्या में लगभग 6% की वृद्धि है. इसके कारण मालदा रेल मंडल को 9.2% राजस्व की अधिक प्राप्ति हुई, क्योंकि पिछले वर्ष मालदा मंडल की कमाई 27.18 करोड़ थी, जो इस वर्ष बढ़कर 29.68 करोड़ रुपये हो गया.

जमालपुर स्टेशन का भी रहा बेहतर प्रदर्शन

पिछले वर्ष की तुलना में जमालपुर स्टेशन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. वर्ष 2025 में जमालपुर में एक लाख 70 हजार 202 यात्रियों ने रेल की यात्रा की थी. जो वर्ष 2026 में बढ़कर एक लाख 89 हजार 184 तक पहुंच गयी. इसके कारण जमालपुर स्टेशन ने राजस्व हासिल करने में भी बेहतर प्रदर्शन किया और पिछले वर्ष 2025 में जहां जमालपुर में आरक्षित और अनारक्षित तथा ऑनलाइन टिकट लेने से रेलवे को एक करोड़ 7 लाख 97 हजार 125 रुपए की आमदनी हुई थी. वह आमदनी बढ़कर वर्ष 2026 में एक करोड़ 9 लाख 41 हजार 870 रुपए तक पहुंच गयी. मालदा रेल मंडल के प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि पूर्व रेलवे द्वारा होली जैसे त्योहार के समय विशेष तैयारी की गयी थी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यात्री सुविधाओं को और बढ़ाया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rana gauri shan

राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >