– सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना मुंगेर राज्य स्वास्थ्य समिति की ओर से मुंगेर जिला को लंबे समय के बाद डीप फ्रीजर युक्त शव एंबुलेंस मिला है. जिसे शनिवार को सिविल सर्जन डा. विनोद कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम मो. फैजान आलम अशरफी, अस्पताल प्रबंधक मो. तौसिफ हसनैन, राजीव कुमार मौजूद थे. सिविल सर्जन ने बताया कि जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान किसी की मृत्यु होने अथवा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराये गये शव को घर तक पहुंचने के लिए नि:शुल्क शव वाहन उपलब्ध हो सकेगा. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 102 पर डायल कर अथवा अस्पताल प्रबंधन या एंबुलेंस के एसीओ के मोबाइल नंबर पर फोन कर शव वाहन का लाभ लोग उठा सकते हैं. एंबुलेंस मेंटनेंस के एजेंसी नैयर आजम ने बताया कि नये शव वाहन में डीप फ्रीजर लगा है. जिसमें शव को लंबे समय तक रखा जा सकता है. साथ ही मरीज को शव लेकर दूर जाने में भी कोई परेशानी नहीं होगी. उन्होंने बताया कि शव वाहन एंबुलेंस सदर अस्पताल में रहेगा. जिससे मुंगेर, बरियारपुर, खड़गपुर, धरहरा और जमालपुर के लोगों को लाभ मिलेगा. वहीं जल्द ही दूसरा शव एंबुलेंस भी मिल जायेगा. जिसे अनुमंडल अस्पताल तारापुर में रखा जायेगा. जिसका लाभ तारापुर, असरगंज, संग्रामपुर तथा टेटियाबंबर के लोगों को मिलेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
