सीएम के आगमन को लेकर मुंगेर में हाई अलर्ट, मुख्य सचिव ने तैयारियों का लिया जायजा

स्वामी सत्यानंद सरस्वती के मुंगेर पदार्पण महोत्सव के तहत मुंगेर में 5 व 6 मई को आयोजित होने वाले श्रीनिवास कल्याणोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है

5-6 मई को मुंगेर में आयोजित श्रीनिवास कल्याणोत्सव से पहले सुरक्षा, व्यवस्था और विकास कार्यों का लिया जायजा

मुंगेर. स्वामी सत्यानंद सरस्वती के मुंगेर पदार्पण महोत्सव के तहत मुंगेर में 5 व 6 मई को आयोजित होने वाले श्रीनिवास कल्याणोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शनिवार को बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत मुंगेर पहुंचे और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया. मौके पर पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल व मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा मुख्य रूप से मौजूद थे.

मुख्य सचिव ने साफियाबाद स्थित हवाई अड्डे से अपने निरीक्षण की शुरुआत की. वे कासिम बाजार स्थित निर्दोष काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में बनी पीसीसी सड़क का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित संवेदक को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और कार्य उच्च मानकों के अनुरूप ही पूरा किया जाये. मंदिर में उन्होंने मुख्य पुजारी के साथ पूजा-अर्चना कर राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना भी की. इसके बाद मुख्य सचिव किला परिसर स्थित गंगा दर्शन योगाश्रम और पादुका दर्शन स्थल पहुंचे, जहां आगामी कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने जिलाधिकारी और योगाश्रम प्रबंधन से कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित कई वीवीआइपी के आने की संभावना है, इसलिए हर स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाये और विधि-व्यवस्था में कोई चूक न हो. मुख्य सचिव ने कहा कि यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण और आकर्षक होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यक्रम को भक्तिपूर्ण व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं.

विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और प्रत्येक बिंदु पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान पादुका दर्शन आश्रम से प्रस्तावित गंगा पथ निर्माण के एलाइनमेंट पर भी चर्चा की गयी. मुख्य सचिव ने इस परियोजना को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये और कार्य में तेजी लाने को कहा. जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. किला परिसर स्थित पोलो मैदान को मुख्य कार्यक्रम स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री सहित अन्य वीवीआईपी के आगमन को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है.

B

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >