मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट : मुंगेर में राष्ट्रीय उच्च पथ-80 पर रविवार को एक बार फिर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. तेलियातालाब मोड़ के आसपास सड़क के तीनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. जाम का असर मुंगेर गंगा पुल तक पहुंच गया, जहां घंटों तक वाहन रेंगते नजर आए. तेज गर्मी और उमस के बीच यात्रियों, ट्रक चालकों और दैनिक सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी.
मुंगेर गंगा पुल तक पहुंचा जाम का असर
जानकारी के अनुसार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि इसका असर मुंगेर गंगा पुल तक दिखाई दिया. पुल पर भी वाहनों की लंबी लाइन लग गई, जिससे छोटे-बड़े सभी वाहन घंटों तक फंसे रहे. कई यात्री वाहन और ट्रक सड़क पर धीरे-धीरे आगे बढ़ते नजर आए.
एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंसे
जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी एंबुलेंस, स्कूली वाहनों और जरूरी काम से यात्रा कर रहे लोगों को हुई. सड़क किनारे ट्रकों के खड़े रहने और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण हालात और बिगड़ गए. कई लोग तेज धूप और उमस में घंटों तक वाहन के अंदर फंसे रहे.प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन और यातायात विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय उच्च पथ-80 पर जाम अब रोज की समस्या बन चुकी है, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की जाती. थोड़ी सी भी दबाव की स्थिति में लंबा जाम लग जाता है.
