स्वामी सत्यानंद सरस्वती के पदार्पण महोत्सव पर मुंगेर आयेंगे भगवान श्री तिरुपति बालाजी का उत्सव प्रतिमा

योग नगरी मुंगेर की धरती पर 69 साल बाद पहली बार 6 मई को स्वामी सत्यानंद सरस्वती का मुंगेर में पदार्पण महोत्सव मनाया जायेगा.

पदार्पण महोत्सव पर मुंगेर में आयोजित होगा श्रीनिवास कल्याणोत्सवम्

5 मई को मैदान में होगा ड्रोन शो, 6 मई को दर्शन के लिए रखी जायेगी भगवान तिरुपति बाला जी उत्सव प्रतिमा

मुंगेर. योग नगरी मुंगेर की धरती पर 69 साल बाद पहली बार 6 मई को स्वामी सत्यानंद सरस्वती का मुंगेर में पदार्पण महोत्सव मनाया जायेगा. सबसे बड़ा संयोग है कि इस अवसर पर आंध्र प्रदेश से सड़क मार्ग से चल कर भगवान श्री तिरुपति बालाजी की उत्सव मूर्ति मुंगेर पहुंच रही है. इस ऐतिहासिक क्षण को मुंगेरवासियों के लिए यादगार बनाने को लेकर योगाश्रम प्रबंधन व जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बुधवार को समाहरणालय संवाद कक्ष में डीएम निखिल धनराज, बिहार योग विद्यालय के स्वामी शिवध्यानम सरस्वती व आयोजन मंडली के गौरव शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता में पूरे कार्यक्रम से पत्रकारों को अवगत कराया.

स्वामी सत्यानंद के मुंगेर पदार्पण महोत्सव पर श्रीनिवास कल्याणोत्सवम्

स्वामी शिवध्यानम सरस्वती ने बताया कि उत्तरवाहिनी मां गंगा की प्रेरणा से स्वामी सत्यानंद सरस्वती 6 मई 1957 को पहली बार एक परिव्राजक संन्यासी के रूप में मुंगेर आये थे. उस समय स्वामी जी को ज्ञात हुआ कि मुंगेर आधुनिक वैश्विक योग आंदोलन का मुख्य केंद्र बनेगा. 1963 में स्वामीजी ने मुंगेर में बिहार योग विद्यालय की स्थापना कर योग का बीजारोपण किया. आज मुंगेर योग नगरी के रूप में पूरे विश्व में प्रसिद्ध हो चुका है. वर्ष 2005 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने मुंगेर को ‘योग नगरी’ के रूप में घोषित किया था. आज उनके मुंगेर पदार्पण के 69 वर्ष बाद पहली बार योग नगरी मुंगेर में 6 मई को गंगा तट पर स्थित पादुका दर्शन में मुंगेर पदार्पण महोत्सव व श्रीनिवास कल्याणोत्सवम् का भव्य आयोजन किया जायेगा. इसमें भगवान तिरुपति बालाजी की उत्सव मूर्ति के दर्शन का विशेष अवसर मिलेगा. 6 मई को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम से आए विद्वान आचार्य सभी धार्मिक अनुष्ठानों और पूजन कार्यों को संपन्न कराएंगे. नागरिकों की सुविधा के लिए इस आयोजन का सीधा प्रसारण सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पोलो मैदान में किया जायेगा. वहीं शाम 4 से 6 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए प्रत्यक्ष दर्शन की व्यवस्था भी की गयी है. यह पूरा आयोजन न केवल मुंगेर बल्कि पूरे बिहार के लिए ऐतिहासिक और यादगार साबित होगा, जब भगवान तिरुपति बालाजी की उपस्थिति से यह धरती धन्य होगी.

मुंगेर के लिए होगा ऐतिहासिक क्षण, चुस्त-दुरूस्त होगी व्यवस्था

डीएम निखिल धनराज ने कहा कि यह मुंगेर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, जब स्वामी सत्यानंद सरस्वती के मुंगेर पदार्पण महोत्सव सह श्रीनिवास कल्याणोत्सवम् पर प्रसिद्ध भगवान श्री तिरुपति बालाजी की उत्सव मूर्ति मुंगेर आ रही है. जिनकी प्रतिमा को दर्शन के लिए पोलो मैदान में रखा जायेगा. उम्मीद है कि भगवान बालाजी के दर्शन के लिए सिर्फ मुंगेर ही नहीं बिहार के कोने-कोने से श्रद्धालु मुंगेर आयेंगे. श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं हो, इसको ध्यान में रखकर प्रशासनिक तैयारी की जा रही है. ट्रैफिक कंट्रोल को लेकर विशेष व्यवस्था की जा रही है. पेयजल, शौचालय की व्यवस्था की जायेगी, जबकि वृद्ध, चलने में असहाय श्रद्धालुओं को टोटो की फेरी सेवा उपलब्ध कराया जायेगा. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी व जवानों को रखा जायेगा.

5 मई को होगा आकर्षक ड्रोन शो

आयोजन मंडल के गौरव शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर 5 मई को शाम 7 से 8 बजे तक पोलो मैदान में आकर्षक ड्रोन शो का आयोजन होगा. इसमें 350 ड्रोन के सहयोग से भव्य ड्रोन शो होगा. इसमें मुंगेर के शक्तिपीठ चंडिका स्थान व मां चंडी, बड़ी महारानी सहित मुंगेर के ऐतिहासिक, धार्मिक स्थलों की आकृतियां बनायी जायेगी. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारी पूरी रफ्तार के साथ चल रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >