समस्याओं को छिपाये नहीं, सामना करें और उसका निदान करें : प्रभारी मंत्री
संग्रहालय सभागार में जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की हुई बैठक
मुंगेर
जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक बुधवार को संग्रहालय सभागार में राज्य के गन्ना उद्योग मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई. जिसमें मंत्री ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की और पदाधिकारियों से कहा कि वे समस्याओं को छपायें नहीं, उसका सामना करें और उन समस्याओं का ससमय निदान करें. ताकि आमजनता को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके. बैठक में एमएलसी डाॅ समीर कुमार सिंह, विधायक नचिकेता, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद मुख्य रूप से मौजूद थे.
मंत्री ने कहा कि मुंगेर जिले का विकास हम सबों की जिम्मेवारी है. उन्होंने डीएम को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करें तथा शीघ्र ही बैठक कर आज की समीक्षा में जितने भी मामले आएं हैं, उसकी समीक्षा कर अद्यतन प्रतिवेदन तैयार करें. तीन महीने बाद होने वाली दूसरी बैठक कर सभी समस्याओं के समाधान अथवा अग्रेतर कार्रवाई से संबंधी समीक्षा की जायेगी. ख्याल रखें कार्रवाई सिर्फ कागजों पर ही सीमित न हो, हर हाल में धरातल पर योजनाएं दिखनी चाहिए.
शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, इस दिशा में करें बेहतर काम
मंत्री ने कहा कि शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमकिता सूची में शामिल है. इसलिए शिक्षा के क्षेत्र में समन्वय स्थापित कर काम करें. कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली सभी छात्राओं को गुणात्मक एवं उच्च कोटि की शिक्षा दी जाए. विभिन्न स्थलों पर बने पंचायत भवन, विकास भवन, सामुदायिक भवनों में सरकार द्वारा पुस्तकालय खोलने की भी योजना शुरू की गयी है, ताकि संबंधित क्षेत्र के युवक/युवतियों को अधिक से अधिक मात्रा में पाठ्य-पुस्तक सामग्री उपलब्ध कराया जा सके. जिससे कि वे अपने प्रतियोगिता परीक्षा में पीछे न रह सकें.
सार्वजनिक स्थलों पर होगा शौचालय का निर्माण
मंत्री ने कहा कि बाजार, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शौचालय निर्माण की ओर विशेष ध्यान दिया जायेगा. ताकि यात्रियों को इन परेशानियों से न जूझना पड़े. उन्होंने जिले में बन रहे पंचायत सरकार भवन के लक्ष्य को भी पूर्ण करने का निर्देश दिया. इसके अलावे प्रगति यात्रा के क्रम में उद्घोषित योजनाओं के कार्यान्वयन तथा उसके शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने मुंगेर के ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल मुंगेर किला को भी संरक्षित करने का भी निर्देश दिया.
दूषित जल वाले क्षेत्रों को चिह्नत कर पानी की करें व्यवस्था
पीएचईडी विभाग की समीक्षा के क्रम में स्वच्छ पेयजल की समस्या सामने आने पर मंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी को दूषित जल वाले क्षेत्रों को चिन्हित करते हुए, वहां के जल की जांच कराने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकसित मुंगेर निर्माण के लिए हम सभी को कदम से कदम मिलाकर एक परिवार तरह की काम करना होगा, तभी विकसित मुंगेर का सपना साकार होगा.
ग्रामीण और शहरी जलापूर्ति की बदहाल व्यवस्था पर सवाल
बैठक में सदस्यों ने ग्रामीण और शहरी जलापूर्ति की बदहाल व्यवस्था पर सवाल उठाये. मंत्री ने जिलाधिकारी को कमिटि बनाकर जांच कराने और पेयजलापूर्ति योजना को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि विभागीय अभियंता पेयजलापूर्ति योजना पर जवाब नहीं दे सके. डीएम को इन दोनों विभागों के क्रियाकलापों की जांच कराने और व्यवस्था को सुदृढ़ करने को कहा गया है.
बैठक में थे मौजुद
बैठक में जदयु जिलाध्यक्ष सौरभ निधि, भाजपा जिलाध्यक्ष अरूण पोद्दार, लोजपा आर के जिलाध्यक्ष प्रमोद पासवान, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य एवं विभागों के अधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.