10 सूत्री मांगों को लेकर चालकों ने शहीद स्मारक पर दिया धरना

10 सूत्री मांगों को लेकर चालकों ने शहीद स्मारक पर दिया धरना

मुंगेर. ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले सोमवार को मुंगेर के यात्री व मालवाहक वाहन चालकों ने अपनी आवाज बुलंद की. शहर के शहीद स्मारक के समक्ष जुटे सैकड़ों चालकों ने अपनी मौलिक अधिकारों की रक्षा व 10 सूत्री मांगों के समर्थन में एक दिवसीय धरना दिया. इस दौरान कॉमर्शियल लाइसेंसधारी चालक अपनी निर्धारित वर्दी पहनकर पहुंचे थे व अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की. धरना के पश्चात चालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा.

दुर्घटना में मौत पर 20 लाख व पेंशन की मांग

धरना पर बैठे चालकों ने सरकार से मांग की है कि सड़क दुर्घटना में होने वाली ड्राइवर की मृत्यु को ”आपदा” की श्रेणी में शामिल किया जाए. साथ ही, ड्राइवर आयोग का गठन कर ”ड्राइवर वेलफेयर फंड” की व्यवस्था की जाए. उनकी प्रमुख मांगों में दुर्घटना में मौत होने पर परिजनों को 20 लाख रुपये, अपंगता पर 10 लाख रुपये व घायल होने पर मुफ्त चिकित्सा की सुविधा देना शामिल है. चालकों ने सामाजिक सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि 60 वर्ष की आयु के बाद उन्हें पेंशन दी जाए व मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रितों को तत्काल पेंशन का लाभ मिले.

एक सितंबर को घोषित हो ”ड्राइवर दिवस”

एसोसिएशन ने मांग रखी है कि एक सितंबर को आधिकारिक तौर पर ”ड्राइवर दिवस” घोषित किया जाए, ताकि साल में एक दिन चालक सम्मान के साथ छुट्टी मना सकें. इसके अलावा, ड्राइवरों को ”द्वितीय श्रेणी सैनिक” की मान्यता देने की मांग भी जोर-शोर से उठायी गयी. चालकों ने शिक्षा में आरक्षण की मांग करते हुए कहा कि उनके बच्चों के लिए उच्च शिक्षा में विशेष कोटा निर्धारित किया जाए.

सुरक्षा के लिए छह कैमरे व अस्पतालों में आरक्षित बेड

सड़क पर होने वाले विवादों और हादसों की सही तस्वीर सामने लाने के लिए चालकों ने मांग की है कि गाड़ियों में आगे और पीछे कुल छह रिकॉर्डिंग कैमरे लगाए जाएं. इससे फोटो-वीडियो फुटेज के आधार पर दोषी की पहचान आसान होगी. साथ ही, प्रत्येक सरकारी अस्पताल के आइसीयू में एक बेड ड्राइवरों के लिए आरक्षित करने और सड़क पर चालकों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त ”सुरक्षा कानून” लागू करने की मांग की गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >