वार्ड चार में पानी संकट, ग्रामीणों ने नगर पंचायत से की त्वरित कार्रवाई की मांग
संग्रामपुर. सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल जल योजना का लाभ नगर पंचायत, संग्रामपुर के वार्ड संख्या चार के वासियों को नहीं मिल पा रहा है. पिछले कई दिनों से नल-जल योजना के तहत पेयजलापूर्ति बाधित है. जिसके कारण वार्डवासी इस भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान हैं और इधर-उधर पानी के भटक रहे हैं.जानकारी के अनुसार, वार्ड में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान जलापूर्ति पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. जिसके कारण अधिकांश घरों तक पानी पहुंचना बंद हो गया है. भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की किल्लत ने लोगों की दैनिक दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. जिसका खामियाजा महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है. महिलाओं को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्ग भी इधर-उधर से पानी लाकर दैनिक कामकाज को निपटा रहे हैं. वार्डवासियों का कहना है कि पाइप लाइन कटने की सूचना संबंधित ठेकेदार और नगर पंचायत के अधिकारियों को समय रहते दे दी गई थी, लेकिन अबतक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए वार्ड के ग्रामीणों ने एकजुट होकर कार्यपालक पदाधिकारी लिखित आवेदन सौंपा है और पाइपलाइन मरम्मति की मांग की है, ताकि पेयजलापूर्ति बहाल हो सके. आवेदन सौंपने वालों में कुन्दन भगत, शंकर शाह, सुरेश मंडल, कुमुददेव कुमार, राज कुमार, सागर भगत, गौतम कुमार, अनीता कुमारी सहित वार्डवासी शामिल हैं. आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जायेगा.
