कांवरिया पथ पर एक ही परिवार के छह लोग दंडवत करते जा रहे बाबाधाम, बीमारी ठीक होने पर मांगी थी मनौती

एक परिवार के छह सदस्य अपनी मन्नत पूरी करने के लिए दंड प्रणाम करते हुए देवघर की कठिन यात्रा पर निकले हैं. बेटे की बीमारी ठीक होने पर पिता ने यह प्रण लिया था. उनकी अटूट आस्था लोगों को प्रेरित कर रही है.

कच्चे कांवरिया पथ पर सावन के मुकाबले भादो महीने में दंड प्रणाम करते हुए देवघर जाने वाले कांवरियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. शुक्रवार को कांवरिया पथ स्थित गोगाचक के पास ऐसा ही आस्था का नजारा देखने को मिला. यहां एक ही परिवार के छह लोग दंडवत करते हुए देवघर की ओर बढ़ रहे थे. सभी बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड के लाखा गांव के रहने वाले हैं.

बेटे की तबीयत खराब हुई तो मांगी थी मनौती

दंड प्रणाम करते हुए देवघर जा रहे परिवार के लोगों ने बताया कि सुरेंद्र यादव की तबीयत काफी खराब हो गयी थी. उनकी हालत देखकर पिता सियाराम यादव ने बाबा भोलेनाथ से मनौती मांगी थी कि अगर सुरेंद्र ठीक हो गये तो वे दंड प्रणाम करते हुए देवघर जाकर बाबा का जलाभिषेक करेंगे.

बाबा की कृपा से ठीक हुए सुरेंद्र

कच्चे कांवरिया पथ पर दंड प्रणाम करते हुए देवघर की ओर बढ़ते श्रद्धालु. | Prabhat Khabar Network

परिवार के लोगों ने बताया कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से सुरेंद्र यादव की तबीयत ठीक हो गयी. इसके बाद परिवार ने अपनी मनौती पूरी करने का फैसला लिया. अब सुरेंद्र अपनी पत्नी काजल देवी और बेटे साजन कुमार के साथ दंड प्रणाम करते हुए देवघर की कठिन यात्रा पर निकले हैं.

पोती के साथ दंडवत कर रहे कैलास यादव

इस यात्रा में उनके परिवार के दूसरे सदस्य भी साथ चल रहे हैं. गौरीपुर बिशनपुर गांव निवासी कैलास यादव की भी अपनी एक मनौती थी. मनौती पूरी होने के बाद वे अपनी पोती कंचन कुमारी के सहयोग से दंडवत करते हुए देवघर जा रहे हैं. परिवार के बुजुर्ग सियाराम यादव भी इस धार्मिक यात्रा में साथ निभा रहे हैं.

छह दिन में पहुंचे तारापुर

श्रद्धालुओं ने बताया कि दंड प्रणाम करते हुए उनकी यात्रा का शुक्रवार को छठा दिन था. छह दिनों की कठिन यात्रा पूरी करने के बाद वे तारापुर क्षेत्र में प्रवेश कर चुके हैं. रास्ते में जगह-जगह लोगों की नजर इस परिवार की दंडवत यात्रा पर टिक जा रही है.

बोले- बाबा की कृपा के बिना संभव नहीं

परिवार के लोगों ने कहा कि दंड प्रणाम करते हुए इतनी लंबी दूरी तय करना आसान नहीं है. बाबा भोलेनाथ की कृपा और आशीर्वाद के बिना इतनी कठिन यात्रा पूरी करना किसी सामान्य इंसान के लिए संभव नहीं है. इसी विश्वास के साथ पूरा परिवार देवघर की ओर बढ़ रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय वर्मा

संजय वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. तारापुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >