मुंगेर मेडिकल कॉलेज को नौवें किस्त में मिला 10 करोड़, निर्माण को मिलेगी गति
मुंगेर मेडिकल कॉलेज के लिये अबतक मिल चुका है 147 करोड़
मुंगेर
मुंगेर के बांक पंचायत में बन रहे मुंगेर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिये सरकार ने एक बार फिर नौवें किस्त के रूप में 10 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी है. 603.68 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण के लिये सरकार से अबतक कुल 147 करोड़ की राशि मिल चुकी है.
स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव शंभू शरण द्वारा महालेखाकार पटना को पत्र भेज कर राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल मुंगेर के निर्माण को लेकर कुल 10 करोड़ रूपये मात्र के व्यय की स्वीकृति राज्य मद में दी है. बताया गया कि बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड पटना से तकनीकी अनुमोदन प्राप्त है. जिसके मॉडल प्राक्कलन के आधार पर कुल 603 करोड़ 68 लाख रूपये की लागत को प्रशासनिक स्वीकृति सरकार द्वारा दी गयी है.
अबतक मिल चुका है 147 करोड़
की राशि
मुंगेर मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिये सरकार से अबतक कुल 147 करोड़ रूपये मिले हैं. बता दें कि मुंगेर मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 25 नवंबर 2023 किया गया था. इसमें अबतक सरकार से 9 किस्त मिल चुकी है. जिसमें वित्तीय वर्ष 2024-25 में 17 सितंबर 2024 को 20 करोड़, 30 जनवरी 2025 को 25 करोड़, 10 मार्च 2025 को 10 करोड़, 20 मार्च 2025 को 25 करोड़ मिला था. वही वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2 सितंबर को 15 करोड़ तथा 6 अक्तूबर को 10 करोड़ रूपये मिल चुका है. इसके बाद 7 वें किस्त के रूप में 7 करोड़, 8 वें किस्त के रूप में 25 करोड़ रूपये दिया गया. जबकि अब एक बार फिर 9 वें किस्त के रूप में कुल 10 करोड़ की राशि सरकार से मुंगेर मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिये मिली है.
अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.