फिरौती को लेकर बालक वीर सिंह का हुआ था अपहरण, नरकंकाल की पहचान के बाद मचा कोहराम

हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के खंडबिहारी गांव स्थित कुआं से गुरुवार की रात बरामद नर कंकाल की पहचान गांव के ही मनीष कुमार सिंह के इकलौते पुत्र 10 वर्षीय वीर सिंह के रूप में हुई.

प्रभात फॉलोअप

10 वर्षीय बालक वीर सिंह हत्याकांड में चार नाबालिग को पुलिस ने किया निरुद्ध, सभी ने कबूला अपना गुनाह

23 जुलाई 2025 से लापता बालक के नरकंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया भागलपुर

हवेली खड़गपुर. हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के खंडबिहारी गांव स्थित कुआं से गुरुवार की रात बरामद नर कंकाल की पहचान गांव के ही मनीष कुमार सिंह के इकलौते पुत्र 10 वर्षीय वीर सिंह के रूप में हुई. जो पिछले 23 जुलाई 2025 से लापता था. बालक का शव मिलने के बाद जहां परिजनों में कोहराम मच गया है. वहीं पूरे गांव में मातम छाया हुआ है. देर रात एसपी सैयद इमरान मसूद भी गांव पहुंंचेे और लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में जो भी दोषी है. उसे निश्चित रूप से सजा दिलायी जायेगी. उन्होंने इस मामले में एसपीडी ट्रायल चलाने की बात भी कही.

बालक वीर के लापता होने के बाद जब परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी थी तो कुछ दिनों तक पुलिस जांच-पड़ताल की और परिजन भी अपने स्तर पर खोजबीन करते रहे, लेकिन धीरे-धीरे यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया. इधर, कुछ दिनों से यह जानकारी मिली कि वीर के मामले में कुछ लोग की संलिप्तता है. पुलिस ने जब चार नाबालिग को पकड़ा और उससे गहन पूछताछ की तो यह बात सामने आया कि वीर की हत्या कर शव को छिपाने के लिये घर के ही समीप एक कुएं में डाल दिया गया है. इसके बाद गुरुवार की देर शाम पीड़ित परिवार के घर से मात्र 200 मीटर दूरी पर एक पुराने कुएं की सफाई करायी गयी जहां से हड्डी और कुछ कपड़े बरामद हुए.

फिरौती के लिए किया था अपहरण, कर दी हत्या

एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि जुलाई 2025 में 10 वर्षीय बालक वीर सिंह का अपहरण गांव के लिए कुछ लोगों ने फिरौती के लिए किया था, लेकिन अपहरणकर्ता फिरौती नहीं मांग पाया. इस मामले में जब खंडबिहारी गांव के ही चार विधि विरुद्ध नाबालिग बालकों को पुलिस ने 10 वर्षीय वीर सिंह अपहरण सह हत्याकांड में निरुद्ध किया तो उन लोगों ने न सिर्फ अपहरण में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि इसमें शामिल गांव के कई अन्य लोगों का भी नाम बताया है. पुलिस ने जब उनलोगों की खोज की तो सभी गांव से फरार है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. एसपी ने बताया कि निरुद्ध किये गये चारों बालकों को जेजेबी बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है.

अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज हुआ था दर्ज

23 जुलाई 2025 को मनीष कुमार सिंह के 10 वर्षीय पुत्र वीर सिंह का अपहरण हुआ था. परिजनों के बयान पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था. बालक की सकुशल बरामदगी के लिए एसआइटी का गठन किया गया था. जो पश्चिम बंगाल, झारखंड सहित बिहार के कई जिलों में उसकी सकुशल बरामदगी को लेकर छापेमारी की थी, लेकिन बालक की बरामदगी नहीं हो सकी थी. एफएसएल की टीम कंकाल बरामदगी वाले कुआं और आसपास से जांच के लिए कई नमूने एकत्रित कर अपने साथ ले गये, जबकि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेजा गया है.

माता-पिता का इकलौता पुत्र था वीर

बताया जाता है कि मनीष कुमार सिंह को दो संतान था. बड़ी पुत्री मानसी जहां 10वीं कक्षा की छात्रा है. वहीं वीर पिछले वर्ष कक्षा चार में पढ़ता था. अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र होने के कारण वह परिवार का भी प्रिय था. घटना के बाद जहां परिजनों के समक्ष पहाड़ टूट पड़ा. वहीं गांव में भी मातम छाया है. पुलिस भले ही मिले नरकंकाल व कपड़े को जांच के लिये भागलपुर ले गयी है, लेकिन मनीष सिंह के घर ग्रामीणों व रिश्तेदारों का तांता लगा है. पुलिस इस मामले में फिरौती की स्टोरी पर काम कर रही है, लेकिन घटना के बाद परिजनों को फिरौती के लिये किसी प्रकार का कोई संपर्क या मांग नहीं की गयी थी. बालक वीर सिंह के मामा राजा सिंह ने बताया की हत्यारे ने उसकी बेरहमी से हत्या की और 15 लीटर प्लास्टिक के डब्बे में पत्थर बांध कर कुएं में फेंक दिया. उन्होंने कहा कि जब पुलिस ने कुएं में सर्च किया तो प्लास्टिक का डिब्बा मिला. उन्होंने कहा कि जिस कुआं से अवशेष बरामद हुआ है वह घर से मात्र 200 मीटर दूरी पर है. उन्होंने कहा कि कोई भी फिरौती की मांग अपराधियों द्वारा नहीं की गयी थी. हमें पुलिस पर बहुत भरोसा है हमें न्याय चाहिए.

कहते हैं एसपी

एक कुएं में बालक वीर का शव बरामद हुआ है. इस मामले में संदेह के आधार पर करीब दर्जन भर लोगों को हिरासत में लिया गया है. इसमें महिला व नाबालिग भी शामिल है. इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आयी है. इसे लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है. इस मामले में अब तक जो बात सामने आयी है बालक का अपहरण किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर शव को छुपाने के लिए कुएं में डाल दिया गया था.

सैयद इमरान मसूद, एसपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >