नोट दोगुणा करने के लालच देकर डेढ़ लाख की ठगी

ठग के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

मुंगेर. शहर में ठगों ने अब आमलोगों को ठगने का नया पैतरा निकाला है. इसमें ठग अब बैंक के आसपास शिकार की तलाश में लगे रहते हैं. शिकार मिलने पर उसे नोट दोगुणा करने का लालच देकर सफेद कागजों का बंडल थमा देते हैं. इसी प्रकार के मामले में जमालपुर प्रखंड के परहम का एक युवक ठगी का शिकार हो गया और नोट दोगुणा करने के लालच में डेढ़ लाख रुपये गंवा बैठा. इस मामले को लेकर कोतवाली थाना में अज्ञात ठग के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. कोतवाली थाना में दिये अपने आवेदन में परहम निवासी कारेलाल साह के पुत्र प्रदीप कुमार ने बताया है कि वह 12 दिसंबर को दिन के 12 बजे बेकापुर स्थित यूनियन बैंक पैसे जमा करने अपने भाई के साथ पहुंचा. जहां उसे डेढ़ लाख बैंक में जमा करना था. इसी बीच बैंक में जब खड़े थे तो एक व्यक्ति आया और उसने बैंक आने का कारण पूछा. जब उसने बताया कि उसे अपने खाते में डेढ़ लाख जमा करना है तो उसने कहा कि मेरे साथ चलो डेढ़ लाख का हम तीन लाख देंगे. इसके बाद लालच में दोनों भाई उसके साथ एक नंबर ट्रैफिक पहुंचे. वहां उस व्यक्ति ने अपने हाथ में लिये प्लास्टिक से पांच सौ का तीन-चार नोट निकाला और बोला कि चेक कर लो असली है. जांच के बाद सही बताने पर उससे डेढ़ लाख रुपये ले लिया और काले रंग का एक पॉलिथिन दे दिया. उसमें नोट जैसी गड्ढी थी. वह व्यक्ति पॉलिथिन देकर वहां से चला गया. जब उसने पॉलिथिन खोला, तो उसमें नोट के बंडल की तरह ही सफेद कागज का बंडल था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >