बिहार बहुत आगे बढ़ेगा व विकसित राज्यों में शामिल होगा : नीतीश कुमार

मुंगेर हवाई अड्डा में जनसंवाद कार्यक्रम को किया संबोधित

मुंगेर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि 2005 के बाद बिहार ने काफी तरक्की की है और राज्य के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है. आगे भी बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा. वे गुरुवार को समृद्धि यात्रा के दौरान मुंगेर हवाई अड्डा में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने मुंगेर में 119 करोड़ की लागत वाली 78 विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया व जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया. मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, गन्ना उद्योग मंत्री सह मुंगेर के प्रभारी मंत्री संजय कुमार पासवान मुख्य रूप से मौजूद थे.

बिहार सरकार ”आत्मनिर्भर बिहार” के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ”आत्मनिर्भर बिहार” के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए ”सात निश्चय-3” (2025-2030) कार्यक्रम लागू किया है. इसका उद्देश्य अगले पांच वर्षों में दोगुनी आय, समावेशी विकास, बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास के जरिए बिहार को अग्रणी राज्यों में लाना है. इसके तहत 1 करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य है. महिला सशक्तीकरण के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व सरकारी पदों में 35 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया है और मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है. उन्होंने जीविका दीदियों की चर्चा की और उनके कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मदद से आज बिहार विकास की गाथा लिख रहा है. सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है.

बिहार के 50 लाख घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी को 2005 के पहले वाला बिहार तो याद होगा, लेकिन 24 नवंबर 2005 में जब एनडीए की सरकार बनी, तब से कानून का राज स्थापित हुआ. विकास ने रफ्तार पकड़ी, जो सतत चलती आ रही है. उन्होंने कहा कि आज हर गांव नहीं, बल्कि घर में बिजली है. 125 यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही है. अब तो बिहार के 50 लाख घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किया है. उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में काम किया गया है. अब बिहार से गरीबी खत्म करने के लिए सरकार काम कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >