– ढ़ाई माह बाद भी विद्यार्थियों को रिजल्ट का इंतजार
मुंगेर
मुंगेर विश्वविद्यालय अपने 34 अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में सत्र 2025-29 स्नातक सेमेस्टर-2 के लिये नामांकन की प्रक्रिया बुधवार से आरंभ कर रहा है. जिसमें विद्यार्थियों को नामांकन के लिये 17 अप्रैल तक का समय दिया जायेगा. हलांकि अबतक उक्त सत्र के सेमेस्टर-1 का रिजल्ट विश्वविद्यालय जारी नहीं कर पाया है. जबकि सेमेस्टर-1 की परीक्षा पूर्ण हुये ढ़ाई माह बीत चुका है.
विश्वविद्यालय की सूचना के अनुसार स्नातक सेमेस्टर-2 में 15 से 17 अप्रैल के बीच नामांकन लिया जायेगा. जिसमें विद्यार्थियों को नामांकन शुल्क भरने के पूर्व अपने संबंधित कॉलेज में दस्तावेज सत्यापित कराना अनिवार्य होगा. वही सभी कोटि की छात्राएं व एससी-एसटी कोटि के छात्र-छात्राओं को शून्य पेमेंट को वेरिफाय करना अनिवार्य होगा, अन्यथा उनका नामांकन रद्द माना जायेगा.
नामांकन और परीक्षा में ही उलझे हैं विद्यार्थी
एमयू भले ही सत्र 2025-29 स्नातक सेमेस्टर-2 में नामांकन की प्रक्रिया आरंभ कर रहा है, लेकिन एमयू में शैक्षणिक सत्रों का हाल यह है कि पढ़ाई से अधिक विद्यार्थी नामांकन और परीक्षा में ही उलझे हैं. बता दें कि विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक सेमेस्टर-1 की परीक्षा 17 से 31 जनवरी के बीच पूर्ण की गयी है, लेकिन ढ़ाई माह बीत जाने के बावजूद अबतक विश्वविद्यालय सेमेस्टर-1 का रिजल्ट जारी नहीं कर पाया है. विदित हो कि विश्वविद्यालय द्वारा उक्त सत्र के सेमेस्टर-1 में नामांकन की प्रक्रिया भी मई 2025 में ही आरंभ की गयी. जिसे पूरा करने में विश्वविद्यालय को चार माह लग गया और सेमेस्टर-1 में नामांकन की प्रक्रिया सितंबर 2025 में समाप्त हुयी. हद तो यह है कि 6 माह के सेमेस्टर सत्र की परीक्षा विश्वविद्यालय द्वारा नामांकन समाप्त होने के तीन माह बाद ही जनवरी 2026 में ले ली गयी.