खड़ी हाइवा से टकराकर बाइक, सवार की मौत

खड़ी हाइवा से टकराकर बाइक, सवार की मौत

बाजार से दही-चूड़ा व तिलकुट लेकर लौट रहा था युवक, सुखदेवनगर पेट्रोल पंप के समीप हुआ हादसा

संग्रामपुर. तारापुर-संग्रामपुर मुख्य मार्ग पर सुखदेवनगर स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी एक हाइवा से जा टकरायी. मृतक की पहचान रामपुर गांव निवासी शंकर प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र हेमंत कुमार के रूप में हुई है. मकर संक्रांति जैसे त्योहार के दिन हुई इस घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है.

त्योहार की सामग्री लेकर घर लौट रहा था मृतक

परिजनों ने बताया कि हेमंत पेशे से चिकित्सक थे और मंगलवार की शाम अपने पिता के साथ बांका जिले के साहिबगंज स्थित क्लिनिक से मरीजों का इलाज कर घर लौट रहे थे. रास्ते में उन्होंने मकर संक्रांति पर्व के लिए बाजार से दही, चूड़ा, तिलकुट और तिलवा आदि सामग्री खरीदी थी. घर पहुंचने से कुछ ही दूर पहले सुखदेवनगर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी हाइवा से टकरा गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गयी सांसें

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान उनके पास मिले आधार कार्ड से की गयी. सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

बुधवार को जब हेमंत का शव रामपुर गांव पहुंचा, तो परिजनों के चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. त्योहार के दिन घर के चिराग के बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anand kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >