मिली राहत. घटने लगा गंगा का जलस्तर
गंगा के जलस्तर में प्रति चार घंटे पर एक सेंटीमीटर की कमी रही है. इससे तट पर बसे लोगों ने राहत की सांस ली है.
मुंगेर : जिले में बाढ़ का संभावित खतरा फिलहाल टल गया है़ गंगा का जलस्तर अब धीरे-धीरे घट रहा है. इससे न सिर्फ दियारावासियों बल्कि तटवर्ती इलाके के लोगों ने भी राहत की सांस ली है़ गुरुवार की शाम मुंगेर में गंगा का जलस्तर घट कर 37.50 मीटर तक पहुंच गया. जबकि बुधवार की शाम जलस्तर 37.59 था. केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के अनुसार प्रति चार घंटे पर एक सेंटीमीटर की कमी आ रही है.
माना जा रहा है कि अगले दो दिनों तक जलस्तर में कमी आयेगी. गंगा के घटते जलस्तर ने जिले में फिलहाल बाढ़ के खतरे को टाल दिया है़ दियारा क्षेत्र के निचले इलाके में फैला बाढ़ का पानी अब गंगा में फिर से वापस लौटने लगा है़ वहीं तटवर्ती क्षेत्रों में भी कटाव जारी है. वैसे मां गंगा पूरे उफान पर है और दियारा क्षेत्र के लोग गंगा के जलस्तर पर नजरें गड़ाये बैठे हैं. घर की महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. ताकि यदि कोई विषम परिस्थिति पैदा होती है, तो उससे निबटने में सहूलियत हो.
विभिन्न जिलों का जलस्तर
जिला जलस्तर
मुंगेर 37.50 मीटर
भागलपुर 32.87 मीटर
कहलगांव 30.96 मीटर
फरक्का 22.34 मीटर
(खतरे के निशान से ऊपर)
