जमालपुर: केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया. वैसे प्रखंड के दो दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित नहीं हुए और निर्वाचन आयोग का यह अभियान सफल नहीं हो पाया. जमालपुर प्रखंड में कुल 137 मतदान केंद्रों पर प्रात: 10 से संध्या 5 बजे तक विशेष शिविर लगाये गये थे. परंतु इस्ट कॉलोनी के सहायक अभियंता कार्यालय में मतदान केंद्र पर ताला लटका हुआ था. लोगों ने बताया कि यहां कुछ देर के लिए बीएलओ आये थे. किंतु 11 बजे के पहले ही निकल लिये. कन्या मध्य विद्यालय नयागांव में बीएलओ किरण कुमारी ने बताया कि उन्हें उपयुक्त संख्या में फार्म 6, 7 और 8 मिला है.
किंतु मतदाता ही जागरूक नहीं दिखे. आरबी हाई स्कूल जमालपुर के बूथ संख्या 150 एवं 151 पर बीएलओ के रूप में क्रमश: शंभुनाथ पासवान और रानी राउत स्कूल के सामने एक निजी मकान के बरामदे पर शिविर लगाये बैठी थी. उन्होंने बताया कि विद्यालय में मतदान केंद्र बेशक स्थापित हैं. किंतु शिविर को लेकर भी विद्यालय के ताले नहीं खोले गये थे.
प्राथमिक विद्यालय फुलका के बीएलओ को भी लोग खोजते रह गये. कुछ समय के लिए बीएलओ मतदान केंद्र पर उपस्थित हुए. भेलू जहांगीरा प्राथमिक स्कूल पर मतदाताओं का अभाव दिखा. कई लोगों ने बताया कि पूर्व के शिविर में उन्होंने नाम की शुद्धि व नये नाम जोड़ने के लिए विहित प्रपत्र में आवेदन दिया था किंतु अबतक उन्हें कोई परिणाम नहीं मिला. दूसरी ओर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर ने बताया कि जिन विद्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित हैं उनके प्रभारी को पूर्व में ही शिविर की सूचना देते हुए विद्यालय खोलने का आदेश दे दिया गया था.
