मुंगेर जिले के 24 पंचायत हो चुके हैं टीबी मुक्त : सिविल सर्जन

एएनएम स्कूल की छात्राओं और यक्ष्मा कार्यालय के कर्मियों ने लोगों को टीबी से बचाव को लेकर किया जागरूक

विश्व यक्ष्मा दिवस पर जिला यक्ष्मा कार्यालय से निकला जागरूकता रैली

मुंगेर. विश्व यक्ष्मा दिवस पर मंगलवार को जिला यक्ष्मा केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान एएनएम स्कूल की छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली. सिविल सर्जन डॉ राजू, जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ ध्रुव कुमार व जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो फैजान अशरफी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया.

रैली सदर अस्पताल से निकली. एक नंबर ट्रैफिक, राजीव गांधी चौक, तोपखाना बाजार और गोयनका मातृ सदन होते हुए वापस जिला यक्ष्मा केंद्र पहुंचकर संपन्न हुई. इस दौरान एएनएम स्कूल की छात्राओं और यक्ष्मा कार्यालय के कर्मियों ने लोगों को टीबी से बचाव को लेकर जागरूक किया. सिविल सर्जन ने बताया कि टीबी उन्मूलन की दिशा में जिले को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. केंद्रीय यक्ष्मा विभाग, नयी दिल्ली द्वारा मुंगेर जिले के सात प्रखंडों के 24 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है. इसमें जिले के पांच पंचायतों को गोल्ड, छह पंचायतों को सिल्वर और 13 पंचायतों को ब्रॉन्ज मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान जिलाधिकारी और सिविल सर्जन द्वारा दिया जायेगा. संचारी रोग पदाधिकारी डॉ ध्रुव कुमार ने बताया कि बताया कि वर्तमान में जिले के 3,770 मरीज टीबी की दवा का सेवन कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ”वल्नरेबल ग्रुप” की पहचान कर उनकी नि:शुल्क जांच और इलाज सुनिश्चित कर रहा है. टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को इलाज चलने तक प्रति माह 1000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में दी जाती है. मौके पर दिलीप कुमार, चैतन्य महाप्रभु, मनोज कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >