जमालपुर : जम्मूतवी से भागलपुर जा रही 15098 डाउन अमरनाथ एक्सप्रेस का इंजन जमालपुर-भागलपुर रेलखंड के अकबरनगर रेलवे स्टेशन के निकट फेल हो गया. इसके कारण भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बुधवार को प्रभावित रहा.
साढ़े तीन घंटे तक रुकी रही अमरनाथ एक्सप्रेस: बताया गया कि जम्मूतवी से चलकर भागलपुर जाने वाली अमरनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय प्रातः 8:20 बजे से लगभग 1 घंटा विलंब से 9:22 बजे जमालपुर पहुंची थी.
जमालपुर से यह ट्रेन 9:27 बजे भागलपुर के लिए रवाना हो गयी. पर अकबरनगर के निकट पहुंचते ही पूर्वाह्न 10:20 बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया. इसके बाद परिचालन विभाग में खलबली मच गयी. काफी प्रयास के बावजूद तीन घंटे तक इंजन उपलब्ध नहीं हो पाया.
बताया गया कि इंजन उपलब्ध होने के बाद यह ट्रेन अकबरनगर से अपराह्न 13:40 बजे रवाना हुई और 14:00 बजे भागलपुर पहुंच पायी. गनीमत यह रही कि गंतव्य स्टेशन से महज कुछ किलोमीटर पहले इंजन फेल होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी नहीं उठानी पड़ी.
जमालपुर-भागलपुर रेल खंड पर ट्रेन सेवा प्रभावित: अमरनाथ एक्सप्रेस का इंजन फेल हो जाने का असर अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी पड़ा. इस दौरान डाउन रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों को कंट्रोल कर चलाया गया. जबकि 13236 डाउन दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस को समीप के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर लगभग एक घंटे तक रोके रखा गया. दूसरी ओर 22406 डाउन आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस को भी कंट्रोल कर चलाया गया.
इस क्रम में यह ट्रेन यहां जमालपुर अपने निर्धारित समय प्रातः 9:15 बजे के बजाय पूर्वाह्न 11:23 बजे पहुंची. पर यहां भी इस ट्रेन को लगभग 35 मिनट रोका गया और यह ट्रेन 11:58 बजे भागलपुर की ओर रवाना हो पायी. डाउनलाइन अवरुद्ध होने के कारण इस रूट की सभी ट्रेनों को अपलाइन से चलाया गया था.
उरैन और कजरा स्टेशनों के बीच ब्लॉक का भी पड़ा प्रभाव: बुधवार को जमालपुर-किऊल रेलखंड के बीच मेंटेनेंस ब्लॉक के कारण भी ट्रेनों के परिचालन पर प्रभाव पड़ा था और ब्लॉक के कारण जमालपुर-किऊल रेलखंड पर भी ट्रेन फंसी रही.
बताया गया कि उरैन और कजरा स्टेशनों के बीच अपराह्न 12:40 बजे से 14:00 बजे तक मेंटेनेंस ब्लॉक लिया गया था. इस दौरान 12368 डाउन आनंद विहार भागलपुर विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस उरैन रेलवे स्टेशन पर लगभग डेढ़ घंटे तक रुकी रही. डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस किऊल रेलवे स्टेशन से अपराह्न 13:00 बजे जमालपुर के लिए रवाना हुई थी. परंतु यह ट्रेन वहां से 14:25 बजे प्रस्थान कर पाई और यहां जमालपुर 15:15 बजे पहुंची.
एक बार फिर अप गरीब रथ एक्सप्रेस रीशेड्यूल
पहले से विलंब से चल रही 22406 डाउन गरीब रथ एक्सप्रेस को अकबरनगर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के इंजन फेल हो जाने के कारण कंट्रोल कर चलाया गया. इसके कारण भागलपुर से आनंद विहार तक जाने वाली 22405 अप गरीब रथ एक्सप्रेस को एक बार फिर गुरुवार को रीशेड्यूल किया गया.
यह ट्रेन भागलपुर से अपने निर्धारित समय 13:30 बजे के बजाय रीशेड्यूल्ड टाइम 14:55 बजे प्रस्थान कर पायी. उल्लेखनीय है कि आरंभ से ही इस ट्रेन का परिचालन एकमात्र रैक से कराया जाता है. इसके कारण डाउन गरीब रथ के विलंब आगमन के कारण अप गरीब रथ एक्सप्रेस को रीशेड्यूल किया जाता रहा है.
