बहुजन शिक्षक दिवस के अवसर पर भूमि अधिकार सभा का आयोजन.
हवेली खड़गपुर : नंदलाल बसु चौक पर शनिवार को सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक गुलामी से मुक्ति पाने के लिए भारतीय बहुजन कांग्रेस के तत्वावधान में बहुजन शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘ भूमि अधिकार सभा ‘ का आयोजन किया गया. अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंजू कुमारी ने की. मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद नायक ने कहा कि आर्थिक न्याय से ही देश का विकास संभव है. उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार को जुमलेबाज सरकार बताया और कांग्रेस को परिवार की पार्टी करार देते हुए कहा कि उनकी पार्टी का मकसद बहुसंख्यक गरीबों को ताकतवर बनाना है.
उन्होंने कहा हजारों साल से मुट्ठी भर अमीर शासक वर्ग बने हैं. देश में गरीबी, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता बढ़ी है. मंजू कुमारी ने कहा कि देश की जनता को भीख का टुकड़ा नहीं, हर परिवार को 3 बीघा जमीन चाहिए. हर नागरिक को पांच हजार रुपये महीना नागरिक भत्ता मिले. इस मौके पर मुंगेर के संयोजक अमर वर्मा, महासचिव बुद्धू टुडू, श्याम कुमार पंडित, श्रीमन मांझी, चिंटू मंडल, राधा देवी, रेखा देवी, चिंता देवी, बासुकीनाथ साह, डॉ विजय, अशोक यादव, रूबी देवी सहित अन्य मौजूद थे.
