मुंगेर : शहर के बेकापुर स्थित शिवाजी चौक के समीप गुरुवार को बेखौफ नकाबपोश अपराधियों द्वारा व्यवसायी की हत्या के बाद पुलिसिंग व्यवस्था की पोल खुल गयी है़ शहर में ध्वस्त हो चुकी पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर शहर के व्यवसायियों एवं आम लोगों ने रोष व्यक्त किया.
अपराधी हो चुके हैं निडर
मुंगेर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सितारिया ने कहा कि शहर में अपराधी पूरी तरह से निडर हो चुका है. पुलिस की लापरवाही के कारण अपराधी निरंकुश होते जा रहा है. अपराधियों का मन इस कदर बढ़ गया है कि शराबबंदी में भी पहले की तरह घटनाओं को अंजाम दे रहा है़ जो मुंगेर जैसे शहर के लिए चिंतनीय है़
डर कर जी रहे शहरवासी
चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव संतोष बंसल ने कहा कि शहर में अपराधियों ने इस कदर तांडव मचा रखा है कि लोग डर-डर कर जी रहे हैं. अपराधी दिन-दहाड़े किसी की भी हत्या आसानी से कर फरार हो जाता है और पुलिस तमाशबीन बनी रह जाती है़ इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चैंबर द्वारा प्रशासन पर दबाव बनाया जायेगा़
लगातार हो रही हत्या
चैंबर के आपात कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल ने कहा कि शहर में अपराधी लगातार हत्या की घटना को अंजाम दे रहा है. बावजूद पुलिस प्रशासन इस पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रही है़ पुलिस की गश्ती नदारद रहती है, जिसके कारण दिन के 10 बजे अपराधी हत्या कर चलते बनता है. जिसे देखते हुए चैंबर की एक आपात बैठक शीघ्र ही की जायेगी़ जिसमें आगे की रणनीति व दिशा-निर्देश तय की जायेगी़ साथ ही पुलिस प्रशासन से भी इस तरह की घटना पर नियंत्रण करने के लिए बात की जायेगी़
प्रशासन रहे तत्पर
अधिवक्ता सुरजीत कुमार ने कहा कि बार-बार अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देकर आम नागरिकों की नींद हराम कर रहे हैं. बावजूद पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है़ मुंगेर में पुलिसिंग व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है़ ऐसे में पुलिस प्रशासन को तत्पर रह कर दिल से काम करना होगा, अन्यथा अपराध का ग्राफ बढ़ता रहेगा़
