हवेली खड़गपुर : लगातार तेज बारिश के कारण डंगरी नदी में आयी बाढ़ के तेज बहाव में खैरा जलापूर्ति के पाइप लाइन का दो पाइप बह गया. इस कारण खड़गपुर झील से आपूर्ति किये जानेवाले शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बाधित हो गयी है. जबकि दो लाख गैलन से भी अधिक शुद्ध पानी बर्बाद होने का अनुमान लगाया जा रहा है.
सूचना मिलते ही शुक्रवार को सहायक अभियंता नरेश प्रसाद सिंह सहित विभागीय पदाधिकारी और टेक्नीशियन की टीम ने मौके पर पहुंच कर पाइप जोड़ने का काम शुरू कर दिया है. प्राप्त समाचार के अनुसार, गुरुवार की सुबह ही बाढ़ के तेज बहाव में पाइप लाइन ध्वस्त हो चुकी थी. किंतु स्थानीय टंकी में पानी रहने के कारण गुरुवार के शाम तक लोगों को पानी मिलता रहा है. ग्रामीण संजय पटेल ने बताया कि गुरुवार की शाम के बाद से पानी की सप्लाई बंद हो गयी है. क्योंकि दो पाइप पानी के बहाव में बह गया था. इस पाइप के माध्यम से प्रतिदिन सुबह-शाम 1 -1 लाख गैलन पानी खैरा गांव में आपूर्ति किया जाता था.
पाइप क्षतिग्रस्त होने से लगभग 2 लाख गैलन पानी बर्बाद होने का अनुमान लगाया जा रहा है. क्षतिग्रस्त पाइप लाइन पानी में डूबे रहने के कारण जलापूर्ति कर्मी पाइप खुलने की घटना से अंजान रहे. शुक्रवार को जानकारी होने पर अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार ने खड़गपुर झील से पानी की सप्लाई बंद करवायी. पीएचइडी विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि टीम को भेजा गया है. पाइप लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है.
