मुंगेर : कृमि मुक्ति दिवस की पूर्व संध्या पर आदर्श मध्य विद्यालय बासुदेवपुर में बुधवार को स्कूली बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलायी गयी़ कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी उदय कुमार सिंह ने बच्चों को दवा खिला कर किया़ मौके पर सिविल सर्जन डॉ श्रीनाथ मुख्य रूप से मौजूद थे़ डीएम ने बच्चों को जागरूक हो कर दवा खाने की सलाह दी, जिससे उनके शारीरिक व मानसिक विकास हो सके. साथ ही बच्चों को साफ पानी पीने, नाखून साफ रखने, खाने से पहले तथा शौच जाने के बाद साबून से हाथ धोने की सलाह दी़ सिविल सर्जन ने बताया कि विद्यालयों में बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलायी जाती है.
बेहतर स्वास्थ्य के लिए बच्चों का कृमि मुक्त होना आवश्यक है. कृमि संक्रमण से कुपोषण, खून की कमी, भूख ना लगना, बेचैनी, पेट में दर्द व सूजन, उल्टी और दस्त जैसी समस्या होती है. ऐसे में प्रत्येक वर्ष सरकारी स्तर से कृमि मुक्ति के लिए विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलायी जाती है. 10 अगस्त को जिले भर में एक साथ सभी सरकारी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को यह दवा खिलायी जायेगी़
