लोगों को संगठन में लाता था सुशांत

सफलता. दो नक्सली गिरफ्तार, निशानदेही पर अपहृत गौतम का शव बरामद मुंगेर : एसटीएफ एवं मुंगेर पुलिस की संयुक्त छापेमारी में जहां हार्ड कोर नक्सली सुशांत राम को धरहरा के अमरासनी से गिरफ्तार किया गया, वहीं लखीसराय के कजरा नरोत्तमपुर गांव से हार्ड कोर नक्सली विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उसकी निशानदेही […]

सफलता. दो नक्सली गिरफ्तार, निशानदेही पर अपहृत गौतम का शव बरामद

मुंगेर : एसटीएफ एवं मुंगेर पुलिस की संयुक्त छापेमारी में जहां हार्ड कोर नक्सली सुशांत राम को धरहरा के अमरासनी से गिरफ्तार किया गया, वहीं लखीसराय के कजरा नरोत्तमपुर गांव से हार्ड कोर नक्सली विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कजरा रामतल्ली पहाड़ी से लखीसराय से अपहृत गौतम कुमार सिन्हा का शव बरामद किया है. मुंगेर पुलिस ने शव को लखीसराय थाना पुलिस को सौंप दिया.
एसपी आशीष भारती ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लखीसराय जिले के हार्ड कोर नक्सली सुशांत राम अमरासनी के रास्ते कहीं जा रहा है. एएसपी अभियान राणा नवीन के नेतृत्व में एसटीएफ एवं मुंगेर पुलिस की टीम बनायी गयी. छापेमारी कर अमरासनी नदी पर बने पुल पर से उसे गिरफ्तार किया गया. सुशांत की निशानदेही पर कजरा थाना क्षेत्र के रामतल्ली पहाड़ी से एक शव बरामद किया गया. जिसकी हत्या पांच-छह दिन पूर्व कर दी गयी थी और शव को यहां फेंक दिया गया था.
शव की पहचान लखीसराय थाना क्षेत्र के गढ़ी विशनपुर निवासी गौतम कुमार सिन्हा के रूप में हुई. जिसका अपहरण पिछले दिनों हुआ था और उसके परिजनों ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लखीसराय थाना में 288/17 दर्ज कराया था. बरामद शव को लखीसराय थाना पुलिस को सौंप दिया गया. एसपी ने बताया कि सुशांत की निशानदेही पर कजरा के नरोत्तमपुर गांव से विनोद कुमार नामक नक्सली को गिरफ्तार किया गया. जो विस्फोटक अधिनियम में धरहरा थाना का वांटेड है और गौतम की हत्या में भी शामिल है. जबकि इन दोनों घटना में शामिल तीन अन्य नक्सली फरार हो गया. ये लोग तीन अन्य लोगों की हत्या करने के फिराक में था. भागे गये नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
सरकारी नौकरी के लिए पैसे की लेनदेन में गयी गौतम की जान: लखीसराय. बुधवार को कजरा थाना क्षेत्र के रामतलीगंज पहाड़ के तराई में जमीन के नीचे से कजरा पुलिस ने मुंगेर पुलिस के द्वारा गिरफ्तार दो नक्सलियों के निशानदेही पर शव को बरामद किया़ घर के सदस्य गढ़ी विशनपुर गांव के पास एनएच 80 पर पहुंच शव के पहुंचने का इंतजार करने लगे. मृतक के छोटे भाई अभिषेक कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतक गौतम पांच भाइयों में चौथे स्थान पर था़ उसका किऊल रेलवे क्वाटर में रहने वाली किसी शीला देवी उर्फ सुमन देवी के यहां आना-जाना था़ उसने गौतम को नौकरी दिलाने के नाम पर कजरा के किसी नरेश सिंह से मिलवाया था और सुमन देवी के माध्यम से गौतम ने नरेश सिंह को नौकरी दिलाने को लेकर दो वर्ष पूर्व परिजनों को बिना बताये चार लाख रुपये भी दिया था़ नौकरी नहीं लगने पर गौतम अपने पैसे की मांग कर रहा था़ 17 जुलाई को गौतम अपने छोटे भाई को बाइक द्वारा विद्यापीठ चौक पहुंचाने की बात कहकर साथ में निकला था तथा वहां से कजरा जाने की बात कह ऑटो द्वारा लखीसराय स्टेशन की ओर निकल गया़ उसने जाते-जाते बताया था कि उसे पैसे लेने के लिए बुलाया गया है. उसके बाद से उसका पता नहीं चला, हालांकि पुलिस के अनुसंधान में गौतम के मोबाइल का अंतिम लोकेशन भी कजरा ही बताया जा रहा था़ टाउन थाना पुलिस ने सुमन देवी को उसके पति रेलकर्मी सभापति कुमार के साथ टाउन थाना बुलाया था लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था़ वहीं ग्रामीण सूत्रों की मानें तो सुमन देवी तथा नरेश सिंह का नक्सलियों के साथ कनेक्शन है और बुधवार को नक्सलियों की निशानदेही पर शव मिलना इस बात की पुष्टि करता है़
कजरा थाना क्षेत्र के रामतल्ली पहाड़ी से बरामद किया शव
धरहरा थाना कांड का है वांटेड
विदित हो कि 10 जून को धरहरा थानाक्षेत्र के अमरासनी में छापेमारी कर लखीसराय के छोटकी कोड़ोसी के कारेलाल कोड़ा व लठिया के प्रमोद कोड़ा को गिरफ्तार किया गया था. नक्सलियों के पास से एक देसी कट्टा व चार कारतूस बरामद किये गये थे. जिसकी निशानदेही पर 11 जुन को धरहरा थाना क्षेत्र से सटे लखीसराय जिले के केवाड़ी कोल पहाड़ी पर छापेमारी कर पुलिस ने 10 किलो व 5 किलो के केन को बरामद किया था. बम को पहाड़ी पर ही डिफ्यूज कर दिया गया था. बम को नक्सलियों ने पुलिस को ट्रैप कर उड़ाने के लिए रखा था. इसी मामले में सुशांत राम एवं विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया.
गौतम की क्यों की गयी हत्या
एसपी ने बताया कि लखीसराय जिले के पीरी बाजार निवासी नरेश पासवान विधवा एवं पैसे वाली महिलाओं को अपने जाल में फंसा कर शादी कर लेता था. इसी दौरान लखीसराय जिले में मैडम के नाम से प्रचलित एक महिला से उसका संबंध हो गया. उक्त महिला के पास गौतम कुमार सिन्हा का तीन लाख रुपया बकाया था. जबकि नरेश को लगता था कि उसके दोस्त गौतम का संबंध उसकी पत्नी के साथ था. मैडम ने नरेश को सुपारी देकर पैसा पचाने की खातिर उसका अपहरण करवा कर हत्या करवा दी. हत्याकांड को सुशांत राम, विनोद कुमार एवं तीन अन्य ने मिल कर अंजाम दिया था. इस गिरोह द्वारा तीन अन्य लोगों की हत्या करने की सुपारी ली गयी थी.
युवाअों से मिलने अमरासनी आया था सुशांत
सुशांत राम हार्डकोर नक्सली है. वह मुंगेर, जमुई, लखीसराय के साथ ही बेगूसराय व अन्य जिला जा-जा कर युवाओं और समाज से भटके लोग तथा नये लोगों को नक्सली संगठन से जोड़ने का काम करता है. वह इसी सिलसिले में अमरासनी आया हुआ था. जहां उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >