मोबाइल व ब्रॉड बैंड सेवा रही ठप

गतिरोध. बीएसएनएल ने लोगों को रुलाया, दूसरे नेटवर्क के सहारे लोग मुंगेर : भारत दूरसंचार निगम लि मुंगेर में पुरी तरह से बदहाल है. न तो अधिकारी व्यवस्था सुधारने में दिलचस्पी दिखा रहे और न ही कर्मचारी अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं. जिसके कारण गुरुवार को भी दिन भर बीएसएनएल की टेलीफोन, मोबाइल […]

गतिरोध. बीएसएनएल ने लोगों को रुलाया, दूसरे नेटवर्क के सहारे लोग

मुंगेर : भारत दूरसंचार निगम लि मुंगेर में पुरी तरह से बदहाल है. न तो अधिकारी व्यवस्था सुधारने में दिलचस्पी दिखा रहे और न ही कर्मचारी अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं. जिसके कारण गुरुवार को भी दिन भर बीएसएनएल की टेलीफोन, मोबाइल व ब्रॉड बैंड सेवा पूरी तरह से ठप रहा. देर रात तक ये सभी सेवाएं ठप रही और उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. साथ ही इस सेवा पर व्यवसाय करने वालों को जहां आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा, वहीं रेलवे को भी लाखों रुपये राजस्व की क्षति हुई.
ठप रही सेवा
बीएसएनएल की मोबाइल एवं ब्रॉड बैंड सेवा गुरुवार को पूरी तरह से ठप रहा. सुबह 11 बजे तक सभी सेवाएं समान्य थी. लेकिन उसके बाद सर्व प्रथम मोबाइल सेवा ठप हो गयी और फिर आधे घंटे बाद ब्रॉड बैंड सेवा बैठ गयी. इतना ही नहीं टेलीफोन से सिर्फ बीएसएनएल की लैंड लाइन छोड़ कर सभी सेवाएं समाप्त रही. मोबाइल बंद होने के कारण सरकारी अधिकारियों को अच्छी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा. क्योंकि प्रमंडलीय आयुक्त, डीआइजी, डीएम, एसपी व अन्य अधिकारियों को सरकार की ओर से बीएसएनएल सेवा ही मुहैया करायी गयी है. जिले के बीडीओ व सभी थानाध्यक्षों को भी बीएसएनएल नेटवर्क ही मुहैया करायी गयी है.
जिसके कारण आम लोग से अधिकारियों को सूचना का आदान-प्रदान नहीं हो सका. जबकि अधिकारियों को भी एक दूसरे से संपर्क करने के लिए दूसरे नेटवर्क का सहारा लेना पड़ा. ब्रॉड बैंड सेवा ठप रहने से सरकारी कार्यालयों में काम काज पूरी तरह से ठप रहा. जिले से संबंधित रिपोर्ट भेजने में भी काफी परेशानी रही. इतना ही नहीं बीएसएनएल नेटवर्क का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ता भी अपनों से कटा रहा.
एक माह से नेटवर्क की बढ़ी समस्या : पिछले एक माह से जिले में बीएसएनएल नेटवर्क सेवा पुरी तरह से बदहाल है. कई दिन ऐसा हुआ जब पूरे-पूरे दिन सेवा ठप रही. जबकि अमूमन कई दिन कभी दो घंटे तो कभी चार घंटे मोबाइल व ब्रॉड बैंड सेवा ठप रहा. तीन दिन पूर्व भी मोबाइल व ब्रॉड बैंड सेवा ठप हो गया था. जिसके कारण समाहरणालय में पटना के अधिकारियों से भीसी तक नहीं हो पाया. उस समय कहा गया था सुलतानगंज में ऑप्टिकल फाइवर कट गया है. जिसके कारण समस्या हुई है. गुरुवार को तो देर रात तक सेवा ठप रही. जिसके कारण टीडीएम से बात नहीं हो सकी और कारणों का भी पता नहीं चल सका.
कहते हैं उपभोक्ता
बीएसएनएल उपभोक्ता विजय कुमार, रविश कुमार, आनंद शेखर ने कहा कि बीएसएनएल ने उपभोक्ताओं को मजबूर कर दिया है. जिसके कारण दूसरे नेटवर्क का भी अतिरिक्त सीम व मोबाइल रखना पर रहा है. बीएसएनएल नेटवर्क का यहीं हाल रहा तो उपभोक्ता धीरे-धीरे दूसरे नेटवर्क में चले जायेंगे.
रेलवे व निजी व्यवसायी को उठानी पड़ी आर्थिक क्षति
बीएसएनएल नेटवर्क पर निर्भर रेलवे व निजी व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा. मुंगेर रेलवे स्टेशन पर आरक्षण सेवा इसी नेटवर्क पर टिका हुआ है. 11:30 के बाद जब सेवा ठप हुई तो वहां भी आरक्षित टिकट कटना बंद हो गया. माना जा रहा है कि रेलवे को 50 से 75 हजार रुपये राजस्व की क्षति हुई. जबकि दर्जनों यात्री बिना टिकट कटाये ही वापस घर लौट गये. इधर इस नेटवर्क पर कार्य करने वाले निजी व्यवसायियों को भी काफी आर्थिक क्षति उठाना पड़ा. क्योंकि देर रात तक सेवा ठप रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >