कांवरिया व आम लोग टोल प्लाजा पर जाम से रहे परेशान चलते नहीं, सरकते रहे वाहन

तारापुर : सुलतानगंज -देवघर मुख्य मार्ग में तारापुर मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर स्थित हरपुर थाना के समीप टोल टैक्स केंद्र बनाया गया है. जहां वाहनों से राशि वसूली के कारण दो-दो, तीन-तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार खड़ी हो जाती है. यहां वाहन चलते नहीं, बल्कि सरकते हैं. जाम के कारण कांवरिया एवं […]

तारापुर : सुलतानगंज -देवघर मुख्य मार्ग में तारापुर मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर स्थित हरपुर थाना के समीप टोल टैक्स केंद्र बनाया गया है. जहां वाहनों से राशि वसूली के कारण दो-दो, तीन-तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार खड़ी हो जाती है. यहां वाहन चलते नहीं, बल्कि सरकते हैं. जाम के कारण कांवरिया एवं आम राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जबकि इसके कारण विधि व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है.

सुलतानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर एक तो पहले से ही वाहनों का दबाव है. जबकि विश्व प्रसिद्ध कांवरिया मेला प्रारंभ होने से इस मार्ग में यह दबाव दस से बीस गुणा बढ़ गया है. हरपुर थाना के समीप टोल प्लाजा पर बैरियर लगा कर वाहनों से राशि की वसूली की जा रही है. नियमानुसार तीन मिनटों में ही वाहनों से राशि वसूल कर छोड़ना है. अगर उतने समय में वाहन से राशि वसूली नहीं होती तो कर्मी को बिना राशि लिये ही वाहन को छोड़ना है.

लेकिन यहां राशि वसूली के लिए पांच से दस मिनट तक वाहन को रोक दिया जाता है. इस कारण वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. ऐसी परिस्थिति में विधि व्यवस्था की जहां समस्या उत्पन्न हो जाती है, वहीं वाहन यहां सरकने पर मजबूर हो जाते हैं. इतना ही नहीं इसके कारण बनी जाम की स्थिति में कांवरियों के साथ ही आम नागरिकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रावणी मेला प्रारंभ होते ही वसूली शुरू हो जाता है. जबकि मेला के दौरान टोल को मुक्त कर देना चाहिए. ताकि एक माह तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में विधि-व्यवस्था की समस्या न उत्पन्न हो जाये.

टोल टैक्स की वसूली बंद करने की मांग
जदयू नेता चन्दर सिंह राकेश ने कहा कि टोल प्लाजा पर भारतीय राजमार्ग प्राधिकरण के निर्देशों की धज्जियां उड़ायी जा रही है. नियम के अनुसार किसी भी वाहन को अधिकतम 3 मिनट से ज्यादा नहीं रोका जा सकता है. भाजयुमो के जयराम विप्लव ने कहा कि बाबाधाम दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहनों से कांवरिया देवघर के लिए जाते है. कांवरिया यात्री से टैक्स लेना कहां तक न्याय है. बेलाडीह पंचायत के मुखिया विजय यादव ने कहा कि टोल प्लाजा में दो जगहों पर राशि वसूली होती है. जिस जगह पर यह पैसा वसूला जाता है, उस पंचायत या थाना क्षेत्र में भी कोई पुल नहीं पड़ता. घंटों वाहनों की कतार खड़ी हो जाती है. जिला परिषद सदस्य मंटु यादव, मुखिया संघ के अध्यक्ष शशि कुमार सुमन ने कहा कि सरकार अविलंब टोल प्लाजा को खत्म करे और मेला को सुचारु रूप से चलने दिया जाये. कांवरिया वाहनों से किसी भी प्रकार की वसूली बंद होनी चाहिए. लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कुमार प्रणय, अखिल भारतीय भ्रष्टाचार निमूर्लन संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने भी टोल टैक्स की वसूली को बंद कराने की मांग जिला प्रशासन से की है.
कहते हैं एसडीओ
एसडीओ शैलेंद्र कुमार भारती ने कहा कि सरकार के निर्देश पर टोल टैक्स वसूला जा रहा है. टोल टैक्स पर जाम की समस्या रहती है. लेकिन वहां के कर्मचारी को निर्देश दिया गया है कि किसी भी कीमत पर जाम नहीं लगे, जिससे विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >