परेशानी. जाम पड़े नालों ने बयां की निगम की बदहाली, सड़कें बनीं तालाब
मॉनसूनी बारिश से मंगलवार को मुंगेर शहर पानी-पानी हो गया़ सड़कें जहां तालाब बन गयी, वहीं शहर का एक भी मार्ग ऐसा नहीं बचा जिससे बारिश के पानी का तेज बहाव नहीं हो रहा हो. सड़कों पर भारी जलजमाव के कारण मोटरसाइकिल व स्कूटी जहां-तहां बंद हो गये. राहगीरों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा़ दूसरी ओर नगर निगम की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खुल गयी.
मुंगेर : मंगलवार को दोपहर बाद मॉनसून की बारिश खूब हुई.
लगभग एक घंटे तक मूसलधार बारिश हुई. किसानों के चेहरे पर खुशियां लौटायी वहीं लोगों को गरमी से भी राहत दी. लेकिन बारिश ने मुंगेर शहर की सूरत ही बदल दी. अधिकांश सड़कें तालाब बन गयी. शहर के सभी मार्गों पर घंटों पानी लगा रहा. यातायात व्यवस्था ठप हो गयी और शहर थम-सा गया. शहर में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण चारों ओर स्थिति अस्त-व्यस्त रही.
एक घंटे की बारिश निगम पर पड़ी भारी: एक ओर जहां शहरवासी मुंगेर को स्मार्ट सिटी बनने का सपना देख रहे हैं, वहीं निगम प्रशासन की लचर व्यवस्था के कारण शहर की स्थिति काफी नारकीय बन गयी है़ हाल यह है कि शहर को एक घंटे की बारिश को भी बरदाश्त करने की क्षमता नहीं है़ नगर निगम की बदहाल व्यवस्था के कारण मात्र एक घंटे की बारिश भी शहर पर भारी पड़ गयी़ पहले से जाम पड़े नालियों ने दम तोड़ दिया तथा बारिश का पानी नाले के बदले सड़कों पर बहने लगा.
जलजमाव ने बढ़ायी परेशानी: वैसे तो मॉनसूनी बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी है़ किंतु बारिश के कारण शहरवासियों की परेशानी भी काफी बढ़ गयी है़ शहर के दिलीप धर्मशाला से पूरबसराय अंडरब्रीज तक जलजमाव के कारण लगभग दो घंटे तक पैदल राहगीरों का गुजरना तो दूर वाहनों तक की आवाजाही रुक गयी़ वहीं शास्त्रीचौक से मोगलबाजार जाने वाले मार्ग में सड़क पर तीन फुट से भी अधिक पानी बह रहा था, जहां सड़क व नाले का कोई पता ही नहीं चल रहा था़ इतना ही नहीं शहर के बेकापुर, आजाद चौक, जुबलीबेल चौक, गोलारोड, शादीपुर रोड, महद्दीपुर, मकससपुर, लालदरबाजा सहित अन्य मार्गों में जलजमाव की स्थिति ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी़
एनएच 80 पर पानी का बहाव: भारी वर्षा के कारण न सिर्फ शहर बल्कि राष्ट्रीय उच्च पथ 80 की स्थिति भी बदहाल हो गयी. हसनगंज से लेकर हेरूदियारा तक सड़क पर दो फीट पानी का बहाव रहा. तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर लोग वाहन सड़क किनारे रोक कर बारिश खत्म होने का इंतजार करते रहे. मुंगेर के डीजे कॉलेज रोड की स्थिति भी अत्यंत खराब रहा.
एक घंटे की बारिश ने नगर निगम को दिखाया आईना
अगले पांच दिनों का संभावित मौसम
तिथि अधिकतम न्यूनतम वर्षापात
5 जुलाई 30 डिग्री से. 24 डिग्री से. 27 एमएम
6 जुलाई 30 डिग्री से. 24 डिग्री से. 21 एमएम
7 जुलाई 33 डिग्री से. 24 डिग्री से. 4 एमएम
8 जुलाई 31 डिग्री से. 25 डिग्री से. 0 एमएम
9 जुलाई 32 डिग्री से. 24 डिग्री से. 5 एमएम
कार्यालयों में घुसा पानी
मॉनसूनी बारिश के कारण सरकारी कार्यालयों की बदहाल स्थिति भी उजागर हो गया. मुंगेर सदर प्रखंड कार्यालय के विभिन्न कमरों के अंदर पानी प्रवेश कर जाने से अफरा-तफरी मच गयी. आरटरपीएस काउंटर सहित कई कक्ष पानी से भर गया. बीडीअो पंकज कुमार ने बताया कि शौचालय निर्माण को लेकर गड्ढा खोदा गया है. उसी के रास्ते कार्यालय में पानी प्रवेश कर गया.
