हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के वनवर्षा गांव में एक 10 वर्षीय किशोर द्वारा गलती से कीटनाशक सल्फास का सेवन करने से उसकी हालत गंभीर हो गई. परिजनों ने आनन-फानन में किशोर शिवम कुमार को अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, घर में अनाज की सुरक्षा के लिए सल्फास की गोलियां रखी गई थीं. खेल-खेल में किशोर ने अज्ञानतावश उसे खा लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. परिजनों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए तुरंत अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुबोध कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया. चिकित्सक डॉ. सुबोध कुमार ने बताया कि किशोर ने सल्फास की गोली खा ली थी, जिससे उसकी स्थिति कुछ समय के लिए गंभीर हो गई थी. हालांकि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई कि दवा एक्सपायर हो चुकी थी, जिससे जहर का असर अपेक्षाकृत कम रहा. समय पर इलाज मिलने से अब किशोर की स्थिति में सुधार है और वह फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है.
MUNGER. सल्फास खाने से 10 वर्षीय किशोर की हालत बिगड़ी, भर्ती
सल्फास खाने से 10 वर्षीय किशोर की हालत बिगड़ी, भर्ती
