रक्सौल. प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के कारण शनिवार को रक्सौल स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी. रक्सौल से प्रयागराज होकर लोकमान्य तिलक टर्मिनल को जाने वाली 15267 नंबर की अंत्तोदय एक्सप्रेस में भीड़ के कारण लगभग 2 हजार से अधिक लोग वंचित हो गये. ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर प्लेस होने के साथ ही, ट्रेन में सवार होने वाले लोगों की भीड़ बढ़ गयी. इस दौरान स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए जीआरपी व आरपीएफ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. इसके बाद भी, लगभग 2 हजार से अधिक लोग ट्रेन में सवार नहीं हो सके. आगामी 26 फरवरी को महाकुंभ में शिवरात्रि के शुभ मुहूर्त के कारण बड़ी संख्या में नेपाल से लोग प्रयागराज कुंभ के लिए जा रहे है. रेलवे से लगातार लोगों की मांग है कि रक्सौल से प्रयागराज के लिए एक दैनिक ट्रेन चलायी जाए, लेकिन अब रेलवे इसपर फैसला नहीं कर सकी है. नतीजा यह हो रहा है कि प्रयागराज के तरफ जाने वाली नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ हो रही है. शनिवार को स्टेशन पर भीड़ के बीच मंडल वाणिज्य निरीक्षक संजय कुमार शर्मा, मुख्य चल टिकट निरीक्षक शयनयान सुधीर कुमार मिश्रा, राजकीय रेल थानाध्यक्ष पवन कुमार के अलावे आरपीएफ के पदाधिकारी यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन में सवार करते देखे गये. लेकिन, स्थिति यह है कि अभी जो ट्रेन रक्सौल से चल रही है वह यात्रियों की डिमांड को पूरा नहीं कर पा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
