मधुबन. पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव में एक कलियुगी पुत्र ने शुक्रवार की देर रात अपने पिता के सिर पर ईंट से वार कर मौत के घाट उतार दिया. मृतक मझार गांव के वार्ड नंबर 15 निवासी 60 वर्षीय नंदलाल सहनी था. सूचना पर पकड़ीदयाल थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह दलबल के साथ मृत का शव बरामद कर लिया. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र कुंभकरण सहनी को गिरफ्तार कर लिया. घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है. घटना को लेकर मृतक की पत्नी व आरोपी की मां रामकली देवी के आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. घटना के बाद कलयुगी पुत्र के कुकृत्य इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गयी है. पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. घरेलू विवाद में घटना हुई है. पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने बड़े बेटे विनय को सौंपा दिया, जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है.
घरारी की जमीन बेचने का दबाव बना रहा था पुत्र
नंदलाल सहनी को क्या पता जिस पुत्र का नाम कुंभकरण रख रहा है, वही पुत्र पिता को वृद्धावस्था में कुंभकरणी निंद्रा में सुला देगा. गलत संगति, नशापान व काम नहीं करने के कारण कर्ज में फंसा कुंभकरण अब घरारी की जमीन ही बेचने पर आमादा था. करीब दो-तीन कट्ठा जमीन घरारी का है. जिसमें नंदलाल के द्वारा पक्का मकान बनवाया गया है. कर्ज चुकाने के लिए पिता पर कुंभकरण जमीन बेचने का दबाव डाल रहा था. जिसका विरोध उसका पिता कर रहा था.नशे का आदी था आरोपी पुत्र
ग्रामीण बताते हैं कि आरोपी नशे का आदी था. कोई काम-धंधा भी नहीं करता था. उसका भाई फिलहाल चकिया में अपने परिवार के साथ रहता था. नंदलाल पहले नागालैंड रहता था, 5-7 वर्ष से घर पर ही रहता था. नागालैंड में रहकर मजदूरी करके घर गृहस्थी संभाल रखा था. इस दौरान अच्छी कमाई करके घर बनाने का किया था. गांव में जमीन भी खरीदी थी. उम्र ढलने के कारण घर पर रह रहा था. छोटे बेटे के कारण करीब 10 कट्ठा जमीन पहले बिक गयी थी. कुंभकरण की नजर अब घरारी की जमीन पर थी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
