मोतिहारी . मुफस्सिल थाने के मधुबनीघाट बुढ़ी गंडक नदी से शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पहुंच शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव पानी में पूरी तरह फुल चुका था, जिसके कारण न तो उसकी पहचान हो सकी, न ही जख्म का ही पता चल सका. कहा कि एफएसएल की टीम को जांच के लिए बुलाया गया.एफएसएल की टीम ने घटना स्थल पर पहुंच क्राइम सीन की जांच की, उसके बाद आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर अपने साथ ले गयी. उन्होंने आशंका जतायी कि डेड बॉडी नदी में बहते हुए मधुबनीघाट तक आयी होगी. ग्रामीणों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी. हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की बात से भी उन्होंने इंकार नहीं किया. कहा कि हो सकता है कि युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया होगा. कहा कि यह भी हो सकता है कि डुबने से मौत हुई होगी. इन सारे सवालों का जबाव पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मिलेगा. वैसे सड़ागला शव होने के कारण उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में नहीं हुआ. डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के लिए शव को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया. बताते चले कि कल्याणपुर व चकिया थाना के बॉर्डर पर शुक्रवार को तीन अज्ञात युवतियों का शव बरामद हुआ था. उस मामले में भी पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
