मोतिहारी. पताही थाने के एक दारोगा का रिश्वत मांगते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद एसपी ने जांच कर दारोगा पर प्राथमिकी का आदेश दिया है. बताया जाता है कि एक महिला से दारोगा ने मदद करने के नाम पर रिश्वत मांगी. महिला पांच हजार रुपये की जुगाड़ कर दारोगा जी को देने गयी, लेकिन दारोगा जी को रिश्वत की तय राशि में एक नया पैसा कम नहीं चाहिए था. महिला उनके पास गिरगिरा रही थी, लेकिन दारोगा जी मानने को तैयार नहीं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि महिला हाथ जोड़ उसने विनती कर रही है. जिसपर दारोगा जी कह रहे हैं कि इंस्पेक्टर साहब को भी देना है. रिश्वत मांगने वाले दारोगा का नाम अखिलेश कुमार सिंह बताया जा रहा है. एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पकड़ीदयाल डीएसपी से पूरे मामले की जांच करायी गयी. जांच रिपोर्ट के आधार पर दारोगा अखिलेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है. थानाध्यक्ष को रिश्वत मांगने के आरोपी दारोगा पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है. प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
