रक्सौल . थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के आईसीपी बाईपास पावर हाउस के समीप से एक कार से 45.354 किलो गांजा बरामद किया. इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान पलनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्ती सेमरा गांव निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता के रूप में हुई है. इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष राजीव नन्दन सिन्हा ने बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना मिली कि तस्कर आईसीपी रोड होकर एक कार से गांजा लेकर जाने वाले है. इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई. इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर आइसीपी बाईपास से आने जाने वाले वाहनों की जांच की जाने लगी. इसी दौरान रक्सौल की ओर जाते हुए एक कार को देखा गया. पुलिस ने कार चालक को रूकने का इशारा किया तो चालक भागने लगे, जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया. इसके बाद कार की तलाशी ली गई तो 45.354 किलो गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से ही तस्कर को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 14 लख रुपए आंकी गई है. तस्कर के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
