मानव तस्करी में शामिल इंटरनेशनल रैकेट का खुलासा, दो महिला सहित सात गिरफ्तार

इंटरनेशनल तस्करी के रैकेट का खुलासा करते हुए मानव तस्करी में शामिल 7 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

रक्सौल. सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मानव तस्करी रोधी इकाई के साथ-साथ मानव तस्करी पर रोकथाम के लिए काम करने वाली संस्था प्रयास व स्वच्छ रक्सौल संगठन की संयुक्त टीम के द्वारा मानव तस्करी में शामिल इंटरनेशनल तस्करी के रैकेट का खुलासा करते हुए मानव तस्करी में शामिल 7 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. जिसमें 2 महिला भी शामिल है.

नेपाल की दो लड़कियों को उत्तर प्रदेश बेचने में लेकर जाने के दौरान इन लोगों को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री पुल के पास से गिरफ्तार किया गया है. एसएसबी के निरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रक्सौल के रास्ते कुछ नेपाली युवतियों को उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा था. उसी के आधार पर टीम का गठन करते हुए सीमा पर चौकसी बढ़ायी गयी. इसी क्रम में रक्सौल थाना क्षेत्र के बाटा चौक के पास स्कॉर्पियो से दो नेपाली युवतियों को ले जा रहे मानव तस्कर को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए रक्सौल थाना लाया गया.

मानव तस्कर के चंगुल में फंसी एक लड़की नेपाल के पर्सा तथा दूसरी लड़की नेपाल के रौतहट जिला की रहने वाली थी. इन लोगों ने बताया कि उनके जीजा के दोस्त दिनेश साह और संजीत कुमार यादव नामक व्यक्ति के द्वारा यह कहा गया था कि लक्ष्मीपूजा में बैठना है. इसके लिए 15 हजार रुपये मिलेंगे और इसके अलावा काफी चढ़ावा मिलेगा. दिनेश और संजीत ने पूजा में शामिल होने के लिए पहने कुछ प्रक्रिया करने की बात कही गई थी. जिसमें मेरी इंची टेप से लंबाई चौड़ाई तथा मेरी शरीर का नाप लेते हुए वीडियो भेजने के लिए बोला गया था. हम ने वीडियो बना कर दिनेश साह को भेजा था. उनके द्वारा छपरा के जितेंद्र व राजेश कुमार को भेजा गया.

इन लोगों के द्वारा सिराज खान नामक व्यक्ति जो कुशीनगर उत्तर प्रदेश के रहने वाला हैं, उसके पास लड़कियों का वीडियो भेजा जा रहा था. सिराज खान द्वारा राजेश कुमार को लड़कियों को लाने के लिए दस हज़ार रुपए एडवांस के रूप में भेजा गया था. इधर, गिरफ्तार किये गये राजेश कुमार व जतिंद्र कुमार के मोबाइल में कई जगहों से लड़कियों का वीडियो आ रहा था, हर वीडियो में लड़कियों के द्वारा अपने शरीर की नापी इंची टेप से की जा रही थी. चैट हिस्ट्री से पता चला कि जो भी वीडियो नेपाल से आ रहा है उसको ये लोग कुशीनगर के सिराज खान को भेज रहे थे. इस रैकेट में छपरा की दो महिलाओं को भी शामिल किया गया था ताकि तस्करों के इरादे का पता नहीं चल सके. दोनों महिला छपरा की रहने वाली है और लड़कियों की तस्करी में इस गिरोह की मदद करती है. इस अभियान में एसएसबी के अरविंद द्विवेदी, मिक्की कुमारी, नीतू कुमारी, ओम प्रकाश, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर पूर्वी चंपारण की जिला परियोजना समन्वयक आरती, सामाजिक कार्यकर्ता राज गुप्ता, विजय कुमार शर्मा शामिल थे. थानाध्यक्ष राजीव नंदन सिन्हा ने बताया कि इस मामले को लेकर प्राथमिकी संख्या 69/25 दर्ज करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

रक्सौल आने के बाद पता चला की जाना है यूपी

दोनों नेपाली युवतियों ने बताया कि हमें सिर्फ़ पता था छपरा जाना है. रक्सौल आने के बाद बोले कुशीनगर उत्तर प्रदेश जाना है हमने बोला तो कहा कल तुम्हें वापस आ जाना है. एसएसबी के द्वारा गिरफ्तार किये गये इस मानव तस्करी के रैकेट का जाल काफी लंबा है और लड़कियों को मोटी कमायी का झांसा देकर इनके द्वारा इस तरह का काम किया जा रहा है. सभी मानव तस्कर के विरुद्ध स्वच्छ रक्सौल अध्यक्ष रणजीत सिंह द्वारा रक्सौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.।

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >