पीएम मोदी से सीधे जुड़े एमजीसीयू के छात्र, खेलो इंडिया संवाद में लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) के छात्रों ने 'खेलो इंडिया संवाद' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सीधे सुना. इस अवसर पर नशामुक्त भारत का संकल्प भी लिया गया.

Motihari News: मोतिहारी. महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) के स्पोर्ट्स बोर्ड की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. विश्वविद्यालय परिसर हाइब्रिड मोड के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी 'खेलो इंडिया संवाद' (खेलेगा भारत, खिलेगा भारत) से सीधे जुड़ा. कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और कर्मचारियों ने खेल, फिटनेस तथा नशामुक्ति से जुड़े संदेशों को सुना.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद से जुड़े विद्यार्थी

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों और युवाओं का अभिनंदन किया. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से उनके जीवन और खेल भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया.

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल, ओलंपिक और एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए खेलों को देश के विकास और युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया.

खेलो इंडिया के तहत खेल सुविधाओं पर जोर

प्रधानमंत्री ने बताया कि 'खेलो इंडिया' नीति के तहत आवंटित 4,500 करोड़ रुपये के बजट से देश में विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचे को विकसित किया जा रहा है. उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी के साथ नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की.

एमजीसीयू में आधुनिक खेल संसाधन देने का संकल्प

विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स बोर्ड के वाइस चेयरमैन प्रो. शिरीष मिश्रा ने एमजीसीयू के विद्यार्थियों को आधुनिक खेल संसाधन, बेहतर प्रशिक्षण और पेशेवर कोचिंग उपलब्ध कराने का संकल्प व्यक्त किया.

मुख्य अतिथि एवं मोतिहारी नगर निगम के उप महापौर लाल बाबू प्रसाद गुप्ता ने युवाओं को बौद्धिक विकास के साथ शारीरिक विकास पर भी ध्यान देने की सलाह दी. उन्होंने नगर निगम की ओर से खेल सामग्री और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

राष्ट्रीय खिलाड़ी शिवम कुमार ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में राष्ट्रीय तलवारबाजी (फेंसिंग) खिलाड़ी शिवम कुमार ने अपने खेल अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए. कोच अप्पू कुमार ने छात्रों को खेल की तकनीक, अनुशासन और नियमित अभ्यास के महत्व की जानकारी दी.

इस दौरान छात्र-संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सुझाव लिए गए.

एमजीसीयू में लिया गया नशामुक्त भारत का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक साथ 'नशामुक्त भारत' के निर्माण का संकल्प लिया और शपथ ली. वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की अपील की.

राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का संचालन डॉ. उपमेश तलवार ने किया. समारोह का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ.

इस अवसर पर डॉ. राकेश पाण्डे, डॉ. अरविंद शर्मा, डॉ. अनुपम वर्मा, डॉ. सुनील दीपक घोडके, जनसंपर्क अधिकारी शेफालिका मिश्रा, प्रो. गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: नेपाल में मची तबाही का असर यहां तक पहुंचा, गंडक में बहकर आए शव और घरों का सामान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >