मोतिहारी: चिरैया में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, शव जलाने का आरोप, ससुराल वाले फरार

पूर्वी चंपारण के चिरैया में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है. पति समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर पुलिस छापेमारी कर रही है. पढ़ें पूरी खबर...

Motihari News: चिरैया थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर 23 वर्षीय नीलू कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई.

दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

मृतका के पिता और आदापुर थाना क्षेत्र के गुलरिया गांव निवासी मुकेश कुमार सिंह ने चिरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

दर्ज मामले में पति राजन कुमार सिंह, ससुर सुरेश सिंह, सोनू सिंह और सास गीता देवी को नामजद आरोपी बनाया गया है.

पिता ने बताया कि 3 दिसंबर 2023 को उन्होंने बेटी की शादी हिंदू रीति-रिवाज से की थी. शादी के कुछ महीनों बाद से ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग को लेकर नीलू को प्रताड़ित किया जाने लगा.

हत्या के बाद शव जलाने की बात

परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना के बाद ससुराल वालों ने नीलू की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव का अंतिम संस्कार कर दिया.

घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस बैद्यनाथपुर गांव पहुंची, लेकिन आरोपी परिवार घर छोड़कर फरार मिला.

थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

मोतिहारी के चिरैया से जितेन्द्र कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >