चकिया में दो घरों में 4.5 लाख की चोरी, ग्रिल काटकर जेवर और बाइक ले उड़े चोर

चकिया थाना क्षेत्र के पूरन छपरा गांव में बीती रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया. अधिवक्ता निशांत कुमार के घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी हुई, जबकि उनके चाचा के घर से भी कीमती सामान ले भागे.

Motihari News: चकिया थाना क्षेत्र के पुरन छपरा गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर करीब साढ़े चार लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली. चोरों ने खिड़की की ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कीमती सामान तथा एक बाइक लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

अधिवक्ता के घर से जेवर, नकदी और कीमती सामान चोरी

पीड़ित अधिवक्ता निशांत कुमार ने चकिया थाना में आवेदन देकर बताया कि चोरों ने उनके घर में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, जिसमें सोने की चेन, झुमका, नाक का टॉप्स और चांदी के 10 सिक्के शामिल हैं, चोरी कर लिए. इसके अलावा 20 हजार रुपये नकद, कीमती कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी उठा ले गए.

चाचा के घर को भी बनाया निशाना

चोरों ने अधिवक्ता के चाचा रामाशंकर प्रसाद चौधरी के बंद पड़े मकान की खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया. वहां टेबल की दराज में रखे 25 हजार रुपये नकद तथा करीब 100 ग्राम वजन की चांदी की पायल भी चोरी कर ली. पीड़ितों के अनुसार दोनों घरों से चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये है.

पहले भी हो चुकी है चोरी

अधिवक्ता निशांत कुमार ने आवेदन में बताया कि इससे पहले भी पुरन छपरा स्थित उनकी हार्डवेयर दुकान में चोरी हो चुकी है. वहीं उनके घर के बरामदे में खड़ी पैशन प्रो बाइक भी पहले चोरी हो गई थी. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परिवार में दहशत का माहौल है. उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताते हुए पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: तीन दिन की बारिश में डूबा शहर, जलजमाव ने खोली नगर निगम की तैयारियों की पोल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nirmal kumar

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >