Motihari: मोतिहारी.विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं वर्ल्ड विज़न इंडिया के सहयोग से हेल्थ कैंप का आयोजन छौड़ादानो प्रखंड क्षेत्र के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गमहरिया में किया गया. इसमें बीपी, शुगर, लंबाई, वजन के साथ टीबी के संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग अल्ट्रा पोर्टेबल डिजटल एक्सरे मशीन से की गयी. हेल्थ कैंप का उद्घाटन वर्ल्ड विज़न इंडिया के जिला पर्यवेक्षक रंजन कुमार वर्मा ने किया. कैंप में 115 लोगों की स्क्रीनिंग हुई जिसमें 46 टीबी संदिग्ध पाये गए. कैंप में लोगों को यक्ष्मा से बचाव के तरीके बताए गए. बताया गया कि अगर दो हफ्ते से ज्यादा समय से खांसी या बुखार जैसे लक्षण हों, तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में टीबी की जांच अवश्य कराएं. जिले के यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संजीव ने कहा कि यक्ष्मा मरीजों की खोज को लेकर 100 डे कैंपिंग अभियान भी चलाया गया है. उन्होंने बताया कि हेल्थ कैम्प में 46 टीबी के संदिग्ध रोगी पाये गये जिनका बलगम संग्रह कर नेट टेस्टिंग के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छौड़ादानो भेजा गया. टेस्ट रिपोर्ट आने पर टीबी की दवा शुरू की जायेगी. इस मौके पर वर्ल्ड विज़न इंडिया के मनीष कुमार श्रीवास्तव, मनोज राम, सीएचओ दीपक कुमार, आशा पुष्पा देवी, नीलम कुमारी, रीना देवी, रेडियोग्राफर महमद सैफ अली, कंम्यूनिटी कोऑर्डिनेटर मिथिलेश कुमार व अन्य लोग मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
