Jhanjharpur News: झंझारपुर उत्पाद विभाग की टीम ने खुटौना थाना क्षेत्र के परसाही चौक के समीप कार्रवाई करते हुए 432 लीटर नेपाली देसी शराब से लदी एक स्कॉर्पियो जब्त की है. हालांकि वाहन चालक टीम को चकमा देकर स्कॉर्पियो ग्रामीण सड़क पर छोड़कर फरार हो गया. उसकी पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
सूचना के आधार पर की गई वाहन जांच
उत्पाद निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि लौकहा थाना क्षेत्र के बेलही बॉर्डर से नेपाल की ओर से शराब की खेप बिहार लाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद विभाग की टीम परसाही चौक के पास वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो तेज गति से आती दिखाई दी. रोकने का संकेत देने पर चालक वाहन लेकर भाग निकला.
48 कार्टन में मिली 432 लीटर नेपाली शराब
उत्पाद विभाग की टीम ने पीछा किया तो चालक झाझपट्टी डोमन वार्ड संख्या-6 स्थित एक ग्रामीण सड़क पर स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गया. वाहन की तलाशी लेने पर 12 बोरों में रखे 48 कार्टन नेपाली देसी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 432 लीटर बताई गई. इसके बाद वाहन को जब्त कर उत्पाद थाना लाया गया.
चालक की पहचान, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया
उत्पाद निरीक्षक ने बताया कि वाहन चालक की पहचान खुटौना थाना क्षेत्र के झाझपट्टी तेलियारी गांव निवासी जगन्नाथ साहू के पुत्र चंदन साहू के रूप में हुई है. उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है.
उत्पाद थाना अध्यक्ष नीलकमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जब्ती सूची एवं अन्य आवश्यक अभिलेख विशेष उत्पाद न्यायाधीश के समक्ष भेज दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विभाग लगातार सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए छापेमारी अभियान चला रहा है.
