Madhubani News: जयनगर स्टेशन के प्लेटफार्म पर बेहोश मिली अज्ञात किशोरी, जीआरपी ने अस्पताल में कराया भर्ती

Madhubani News: जयनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 3 पर एक अज्ञात किशोरी अचेतावस्था में मिली. जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस युवती की शिनाख्त के लिए तस्वीर साझा कर जांच में जुटी है. जानिए खबर विस्तार से...

 Madhubani News: मधुबनी जिले के जयनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को मानवता की मिसाल देखने को मिली. स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर गश्त के दौरान जीआरपी के जवानों ने एक किशोरी को अचेतावस्था में पड़ा देखा. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है और वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है.

प्लेटफार्म नंबर 3 पर मिली अचेत किशोरी

जानकारी के अनुसार, जीआरपी के जवान प्लेटफार्म नंबर 3 पर नियमित गश्त कर रहे थे, तभी उनकी नजर एक बेहोश युवती पर पड़ी. जवान ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी थानाध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार सोनी को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए किशोरी को अनुमंडलीय अस्पताल, जयनगर भेजा.

बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर

अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने किशोरी की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी रेफर कर दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी फिलहाल बेहोश है और बोलने की स्थिति में नहीं है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह स्टेशन पर कैसे पहुंची और उसके बेहोश होने का कारण क्या है.

शिनाख्त के लिए पुलिस ने चस्पा की फोटो

किशोरी की पहचान अब तक नहीं हो पाई है. उसकी शिनाख्त के लिए पुलिस ने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों और सार्वजनिक स्थानों पर उसकी तस्वीर चस्पा कर दी है. इसके साथ ही आसपास के थानों को भी सूचित कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी मिल पाएगी.

मधुबनी से अनिल कुमार झा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Purushottam Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >