Madhubani: घरेलू विवाद में पति और बेटे ने महिला को पीट-पीटकर हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शव भी जलाया
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 09 Jun 2026 5:09 PM
पति और बेटे ने महिला को पीट-पीटकर मारा
Madhubani News: मधुबनी के भैरवस्थान में घरेलू विवाद में पति और बेटे ने लाठी-डंडों से पीटकर महिला की हत्या कर दी. पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने शव भी जला दिया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिले के झंझारपुर अंतर्गत भैरवस्थान थाना क्षेत्र के काकोतारडीहा गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां एक घरेलू विवाद में पति और बेटे ने मिलकर 55 वर्षीय महिला की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, कानूनी कार्रवाई और पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने आनन-फानन में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतका के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया. हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है.
कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से किया हमला
मृतका की पहचान काकोतारडीहा गांव निवासी चन्देश्वर मंडल की 55 वर्षीय पत्नी निर्मला देवी के रूप में हुई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घर में किसी बात को लेकर निर्मला देवी का उनके पति और बेटे से विवाद हुआ था. देखते ही देखते यह घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने मिलकर निर्मला देवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस बर्बर पिटाई के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़दिया.
साक्ष्य मिटाने के लिए जलाया शव, पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़ा
निर्मला देवी की मौत के बाद आरोपी पति चन्देश्वर मंडल और बेटे अखिलेश कुमार मंडल ने अपराध को छुपाने की साजिश रची. उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को चुपचाप जला दिया. इस बात की भनक जब ग्रामीणों को लगी, तो किसी ने गुप्त रूप से इसकी सूचना भैरवस्थान पुलिस को दे दी. सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा और थानाध्यक्ष सतेंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ तुरंत गांव पहुंचे.
मामले की जांच में जुटी फोरेंसिक टीम, केस दर्ज
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी बाप-बेटे को हिरासत में ले लिया. एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि दोनों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. शव के अवशेषों को सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच (एफएसएल) के लिए टीम को सूचित कर दिया गया है. पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










