भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 216 लीटर नेपाली शराब बरामद, एक गिरफ्तार

Madhubani News: जयनगर में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 लीटर नेपाली शराब बरामद की. शराब से लदी स्प्लेंडर बाइक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पढे़ं पूरी खबर…

मधुबनी से पंकज कुमार की रिपोर्ट

Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को एक बड़ी सफलता मिली है. जयनगर अनुमंडल क्षेत्र में सीमा पार से तस्करी कर लाई जा रही भारी मात्रा में नेपाली शराब को जब्त किया गया है. कार्रवाई के दौरान एसएसबी ने शराब से लदी एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की कुल मात्रा 216 लीटर बताई जा रही है. सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही शराब तस्करी के बीच इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

सीमा पर गश्ती के दौरान मिली सफलता

एसएसबी 48वीं बटालियन मुख्यालय जयनगर के कमांडेंट राजेंद्र कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. कमला सीमा चौकी के कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट हिमांशु भूषण मोहंती के नेतृत्व में जवान भारत-नेपाल सीमा के पास नियमित गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान सीमा पिलर संख्या 272/4 के रास्ते नेपाल से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध युवक पर जवानों की नजर पड़ी.

जवानों को देखते ही भागने लगा तस्कर

एसएसबी के अनुसार, जवानों की मौजूदगी का आभास होते ही तस्कर शराब से लदी मोटरसाइकिल छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगा. हालांकि जवानों ने तुरंत पीछा कर उसे दबोच लिया. तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से 300 एमएल की नेपाली शराब की कुल 216 लीटर बोतलें बरामद की गईं.

गिरफ्तार युवक की हुई पहचान

पकड़े गए युवक की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के कुआढ़ गांव निवासी राजा यादव के रूप में हुई है. एसएसबी ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए देवधा थाना पुलिस को सौंप दिया.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

देवधा थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >