Madhubani News: मानवाधिकार संरक्षण संस्थान की जिला इकाई द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. डॉ. जगन्नाथ मिश्र की जयंती मनाई गई. इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके राजनीतिक, सामाजिक और विकासात्मक योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए.
स्व. मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने की. समारोह की शुरुआत स्व. डॉ. जगन्नाथ मिश्र के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण किया.
बिहार और मिथिलांचल के विकास के लिए रहे समर्पित
वरिष्ठ जदयू नेता कुमारजी झा ने कहा कि डॉ. जगन्नाथ मिश्र बिहार और विशेष रूप से मिथिलांचल के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहे. उन्होंने कहा कि अपनी मानवीय संवेदनाओं और जनहितकारी सोच के कारण वे समाज के हर वर्ग में सम्मानित और लोकप्रिय रहे.
समाज के सर्वमान्य नेता थे डॉ. मिश्र
संस्थान के जिला सचिव रणधीर ठाकुर ने कहा कि स्व. मिश्र ने बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए. उन्होंने कहा कि वे समाज के हर वर्ग के सर्वमान्य नेता थे और आज भी उनके विचार लोगों को प्रेरित करते हैं.
कई नेताओं ने व्यक्त किए विचार
समारोह को भाजपा नेता हितेंद्र कुमार ठाकुर, शंकर झा, श्यामानंद मिश्र, डॉ. इंद्र मोहन झा, सरोज यादव और अमरनाथ प्रसाद सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया. सभी ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
