Madhubani News: बाबूबरही थाना पुलिस ने लूटकांड का खुलासा करते हुए पिस्टल के बल पर छीनी गई बाइक को बरामद कर लिया है. यह सफलता पुलिस को ललमनिया थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी नागेंद्र यादव के घर पर छापेमारी के दौरान मिली. गौर करने वाली बात है कि नागेंद्र को पुलिस ने बीते रविवार की रात उसके पांच अन्य साथियों के साथ खोइर गांव से अपराध की योजना बनाते समय गिरफ्तार किया था.
12 अप्रैल को नकाबपोश बदमाशों ने की थी लूट
घटना 12 अप्रैल की शाम की है, जब मोहनपुर गांव निवासी उगन पासवान मुरहद्दी छोटकी टोल विद्यालय के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान तीन बाइक पर सवार 6 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पिस्टल सटाकर उनकी बाइक, 5 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया था. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर ही लूटी गई बाइक बरामद की गई है.
छह अपराधी गिरफ्तार, अन्य बाइक की हो रही जांच
पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और दो अन्य संदिग्ध बाइक भी जब्त की हैं. पुलिस को आशंका है कि बरामद अन्य बाइक भी लूट की हैं, जिनके इंजन और चेचिस नंबर की जांच की जा रही है.
फिलहाल, सभी 6 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटे गए मोबाइल व नकदी की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
