मधुबनी: नगर पंचायत के किसनीपट्टी वार्ड-7 में मंगलवार की रात विद्युत स्पर्शाघात से 22 वर्षीय युवक राहुल कुमार की मौत हो गयी. मृतक वार्ड पार्षद रामसेवक राम के पौत्र बताये जा रहे हैं. घटना के बाद बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने घोघरडीहा पावर सब स्टेशन का घेराव कर प्रदर्शन किया. ग्रामीण क्षेत्र में जर्जर विद्युत तार और पोल को अविलंब बदलने की मांग कर रहे थे.
तालाब घाट पर बैठे थे राहुल
जानकारी के अनुसार, किसनीपट्टी निवासी लाल राम के पुत्र राहुल कुमार मंगलवार की रात अपने एक साथी के साथ घर के समीप तालाब घाट पर बैठे थे. इसी दौरान अचानक 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार टूटकर नीचे गिर गया.
तार की चपेट में आने से राहुल गंभीर रूप से झुलस गये. परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए फुलपरास अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया.
युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
राहुल की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण घोघरडीहा पावर सब स्टेशन पहुंच गये और घेराव कर प्रदर्शन किया.
स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. ग्रामीण विद्युत विभाग से जर्जर तार और पोल को तत्काल बदलने की मांग कर रहे थे.
500 मीटर क्षेत्र में जर्जर हैं तार
ग्रामीणों का आरोप है कि आवासीय क्षेत्र में लंबे समय से विद्युत तार जर्जर अवस्था में हैं. इसी कारण यह हादसा हुआ. बताया गया है कि घटनास्थल के आसपास करीब 500 मीटर क्षेत्र में विद्युत तार जर्जर स्थिति में हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी उसी तालाब के पास शाम करीब चार बजे विद्युत तार टूटकर गिर गया था. उस समय विभाग को सूचना दिये जाने के बाद तार को दुरुस्त किया गया था.
ग्रामीणों ने उठाये व्यवस्था पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पूरे जर्जर विद्युत तार और पोल को बदल दिया जाता तो संभवतः इस तरह की घटना को रोका जा सकता था. घटना के बाद लोगों ने विद्युत विभाग से जर्जर तार और पोल को तत्काल बदलने तथा भविष्य में इस तरह की दुर्घटना रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की.
इस संबंध में विद्युत कनीय अभियंता अभिज्ञान अभिराजन ने ग्रामीणों को जर्जर हो चुके तार एवं पोल को शीघ्र बदलवाने का आश्वासन दिया है.
यह भी पढ़ें
डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था ध्रुव, सड़क हादसे में 21 वर्षीय MBBS छात्र की मौत
