जांच में खुलासा, पोस्टमास्टर ने अवैध रूप से िनकाली राशि
मधुबनी : बाबूबरही सब पोस्ट ऑफिस में लाखों की फर्जी निकासी का मामला सामने आया है. इसका खुलासा पोस्टल निरीक्षक की बाबूबरही पोस्ट ऑफिस में की गयी जांच से हुआ है. पोस्टमास्टर रामप्रीत महतो पर ग्राहकों से राशि वसूली व उसे अन्य खाते में डाल कर गलत तरीके से निकासी करने का आरोप लगा है. जांच में अब तक जो बातें सामने आयी है, उससे गड़बड़ी का यह आंकड़ा 50 लाख रुपये से अधिक होने की आशंका जतायी जा रही है.
इस बाबत पोस्टमास्टर श्री महतो ने बताया कि फर्जी निकासी का मामला नहीं है. पिछले छह माह से लिंक की परेशानी रहने से मैनुअल जमा निकासी की गयी. कंप्यूटर कुछ राशि कम दिखा रहा है. श्री महतो की मानें, तो इस कंप्यूटर में आई परेशानी को उन्होंने प्रधान डाकघर के एसबीसीओ शाखा के कर्मचारी को बता दी थी.
पोस्टल निरीक्षक को सौंपा गया जांच का जिम्मा
कंप्यूटर में खराबी बता कर मैनुअल लेन-देन का उठाया फायदा
50 लाख रुपये से अधिक की गड़बड़ी की जतायी जा रही आशंका
क्या है मामला
पोस्टल निरीक्षक मनोहर कुमार ने बताया कि पोस्टमास्टर रामप्रीत महतो को कंप्यूटर की जानकारी नहीं है. इसके कारण उन्होंने अपने दामाद को कंप्यूटर पर काम करने के लिए रखा था. इस बीच जब कोई ग्राहक रुपये जमा करने आता, तो पैसे लेकर उसे मैनुअल रसीद दी जाती थी. ग्राहक के जाने के बाद दिन भर आयी रकम को अपने दामाद के खाते में डाल दिया जाता व इसकी रिपोर्ट विभाग को भेज दी जाती. अगले ही दिन दामाद के खाते से जमा राशि की निकासी कर ली जाती थी. इस तरह लाखों रुपये की हेराफेरी की गयी.
जांच के बाद कार्रवाई
प्रधान डाकघर के अधीक्षक मो. जैनुद्दीन ने बताया कि जांच में गड़बड़ी की बात आ रही है. फिलहाल जांच चल रही है. जांच पूरी होने के बाद ही सही आंकलन हो सकेगा. हालांकि, पोस्टमास्टर ने नियम के विरुद्ध लेन-देन की है. 50 हजार से ज्यादा निकासी व जमा पर पैन कार्ड लेना अनिवार्य है. लेकिन, इसका पालन किए बिना ही जमा निकासी की गयी. डाक अधीक्षक ने बताया कि पोस्टल निरीक्षक मनोहर कुमार को जांच की जिम्मेवारी दी गयी है.
जांच में दोषी व्यक्ति पर विभागीय कार्रवाई के साथ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. साथ ही पोस्टमास्टर की सभी छुट्टी रद्द कर मुख्यालय में रहने का निर्देश दिया गया है.
