कलुआही : कलुआही बाजार स्थित एसबीआई के एटीएम से अचानक दो हजार का फटा और जला नोट निकलने का मामला सामने आया है. शनिवार को खपरपुरा निवासी प्रकाश साहू यूनाइटेड बैंक चचराहा का एटीएम कार्ड लेकर कलुआही-खजौली सड़क किनारे एटीएम पर रुपया निकालने पहुंचे. पहली बार आठ हजार रुपये निकाला जिसमें दो हजार का चार नोट मिला. आइबीटी 728657 नंबर का दो हजार रुपये का नोट जला मिला. वहीं नोट संख्या आईजीआर 23890 बीच से आधा कटा हुआ था.
एटीएम के बगल में ही मौजूद विवेक कुमार नामक युवक ने बताया कि अपनी मां कमला कुमारी का एटीएम लेकर दस हजार रुपये निकालने की कोशिश किया. निर्देशानुसार प्रक्रिया पूरा होने के बाद पैसा निकालते समय जेनरेटर का लाइन बंद हो गया. जिस कारण पैसा बाहर नहीं निकल सका. एटीएम के दोनों किनारे के दुकानदार ने बताया कि शुक्रवार से ही ऐसी समस्या शुरू हो गयी है.
अब तक करीब एक दर्जन ग्राहक इससे परेशान हो चुके हैं. शुक्रवार को ही मलमल का युवक दस हजार रुपये निकाला जिसमे अधिकांश नोट जला और फटा मिलने से परेशान होकर कलुआही थाना शिकायत दर्ज कराने पहुंचा. थाना पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने पहले बैंक में शिकायत करने को कहा है. बैंक में छुट्टी रहने की वजह से समय पर तत्काल शिकायत दर्ज नहीं हो सकी है.
