मधुबनी : पुलिस अधीक्षक दीपक बरनवाल ने सोमवार को समाहरणालय के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक क्राइम बैठक पुलिस महकमा के लिये अहम रहा. बैठक में काम में लापरवाही बरतने वाले कई पुलिस अधिकारियों पर एसपी ने कार्रवाई की. जयनगर के सर्किल इंसपेक्टर योगिंदर रविदास को कांडों के अनुसंधान में लापरवाही बरतने को लेकर उन पर निंदन प्रस्ताव पारित किया. वहीं कलुआही व लौकही के थानाध्यक्ष को स्पष्टीकरण पूछा गया.
बेनीपट्टी एसआई का वेतन स्थगित : बेनीपट्टी के एसआई विरेंद्र राम को अभियुक्त के गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने को लेकर वेतन स्थगित किया गया. दो पुलिस पदाधिकारी विद्याभूषण एवं रविकर को कांडों के अनुसंधान में लापरवाही के कारण एसपी ने विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है.
उक्त सारी कार्रवाई की जानकारी देते एसपी ने बताया कि कांडों के अनुसंधान एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी पुलिस पदाधिकारी को बख्शा नहीं जायेगा. एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं मोहर्रम के शांतिपूर्ण ढ़ग से गुजरने एवं इन पर्वों पर पुलिस कर्मियों व अधिकारियों के प्रशंसनीय कार्य के लिए उन्हें बधाई भी दी गयी.
करें सघन गश्ती : एसपी ने कहा कि ठंडा का मौसम शुरू हो रहा है. इस मौसम में चोरी व डकैती की घटनाओं में बढ़ोतरी हो जाती है. इसलिए पुलिस अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि अपने क्षेत्रों में सघन गश्ती करें साथ ही मोहल्ला समिति की बैठक कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सतत प्रयत्नशील रहें. कांडों के अनुसंधान में तेजी व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को तेज करने का निर्देश भी एसपी ने दिया. एसपी ने कहा कि हिस्ट्रीशीटर चोरों की पहचान कर उन पर नजर रखें. बैठक में एएसपी एके पांडेय, डीएसपी के डीएसपी सभी इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष मौजूद थे.
