मधुबनी : जल्द ही मानव रहित गुमटी पर आउट सोर्सिंग से गेट मित्र को रखा जायेगा. इसके लिये विभाग ने पहल शुरू कर दी है. संभावना जतायी जा रह है कि दो माह में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. उक्त आशय की जानकारी रविवार को निरीक्षण में आये डीआरएम आर के जैन ने दी है.
डीआरएम श्री जैन ने कहा कि आगामी दो माह सभी मानव रहित फाटकों पर आउट सोर्सिंग के जरिये गेट मित्र को रखा जायेगा. जो फाटक पार करने वालों को उचित सलाह देंगे. ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो सके. जिसके बाद फाटक को मानव सहित फाटक में तब्दील किया जायेगा. सकरी- झंझारपुर व लौकहा बाजार का कार्य आगामी दो माह में पूर्ण कर लिया जायेगा. अगले छह माह में इस रेल खंड का लिकिंग कर लिया जायेगा.
होगा आरओवी का निर्माण. इस दौरान लोगों ने तेरह नंबर गुमटी के समीप ओवर ब्रिज निर्माण की मांग की. जिसको लेकर डीआरएम ने कहा कि रेलवे के रोड ओवर ब्रिज का निर्माण के लिए स्थानीय विधायक व सांसद के अनुरोध करने पर रेल प्रशासन सहयोग करेगा.
श्री जैन ने कहा कि यदि एक लाख तक यात्री जिस मार्ग से यात्रा करते हैं उस मार्ग के लिये ओवर ब्रिज का निर्माण करने में रेलवे विभाग 50 प्रतिशत की राशि उपलब्ध करायेगी. यदि इससे कम ट्रैफिक है तो ब्रिज का निर्माण कार्य बिहार सरकार को करना होगा. उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म के शेड का भी निर्माण किया जायेगा. स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के लिए वेटिंग हाल को बड़ा किया जायेगा. इस क्रम में स्टेशन के वेटिंग हाल स्थित शौचालय को तोड़ कर इसे बड़ा किया जा रहा है. मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों के लिए बने नव निर्मित डीलक्स शौचालय को आगामी 15 दिनों में उपयोग के दे दिये जाने का आश्वासन दिया.
निरीक्षण के दौरान पीआरएस काउंटर के कक्ष को भी अपडेट करने का निर्देश डीआरएम द्वारा दिया गया. इसके अलावे प्राइवेट वाहन, सरकारी वाहन व सवारी वाहन के लिए अलग- अलग लेन बनाया जायेगा. जिससे ट्रैफिक की समस्या से यात्रियों को निजात मिल सके.
लंबी दूरी की ट्रेनों का समय से होगा परिचालन
मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि स्वतंत्रता सेनानी व बिहार संपर्क क्रांति का ससमय परिचालन करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने बताया कि कानपुर व मुगलसराय के बीच ट्रेनों का परिचालन विलंब से होता है. इसे दूर करने का भी प्रयास किया जायेगा. श्री जैन ने कहा कि दरभंगा – जयनगर के डबल लाइन का अभी कोई निर्देश नहीं है. लेकिन दरभंगा जयनगर रेल खंड को विद्युतीकरण की हरी झंडी मिली है.
मधुबनी. इस दीपावली और छठ में गांव आने वाले परदेसियों को मधुबनी स्टेशन का रूप बदला बदला दिखेगा. रेलवे विभाग इस साल परदेसियों को सौगात के रूप में रेलवे स्टेशन पर मिथिला पेंटिंग की कलाकृति देने का मन बनाया है. इस दिशा में रेलवे विभाग ने कवायद शुरू कर दी है.
रविवार को मंडल रेल प्रबंधक आरके जैन ने मधुबनी स्टेशन का गहन निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. श्री जैन ने कहा कि देश के कोने कोने से छठ पर्व में घर आने वाले लोगों के लिए पूरी तरह से मिथिला पेंटिंग से सजा स्टेशन सरप्राइज होगा. उन्होंने कहा कि स्टेशन के बाहर तथा अंदर मिथिला पेंटिंग करवाया जायेगा. जो राज्य के लिए ही नहीं बल्कि देश के लिए मिसाल होगा.
उन्होंने कहा कि मधुबनी की पहचान बन चुका मिथिला पेंटिंग अब मधुबनी स्टेशन को भी देश में एक अलग पहचान देगा. डीआरएम ने बताया है कि यह देश का पहला ऐसा स्टेशन होगा जहां पर पूरे कोने कोने में दीवार के आगे पीछे सभी जगहों पर अलग अलग कलाकारों के द्वारा अलग अलग पेंटिंग की जायेगी.
