कार्रवाई. दिसंबर में हुई थी कुणाल की हत्या
खजौली : थाना क्षेत्र के भकुआ नट टोली में कुणाल सिंह हत्या मामले के आरोपित मो.जफर के घर को न्यायालय के आदेश पर गुरुवार को खजौली थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में कुर्की जब्ती किया गया. कुर्की -जब्ती के दौरान थानाध्यक्ष ने अपराधी के घर से पलंग, चौकी, टेबुल, ट्रक सहित अन्य घरेलू 30 समान को जब्त कर थाना पर लाया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दिसम्बर 2016 में मो. जफर एव उनके दो पुत्र पर जयनगर थाना क्षेत्र के सेलरा गांव निवासी कुणाल कुमार सिंह को रुपया के लेनदेन को लेकर गोली मारकर हत्या कर देने का मामला दर्ज है.
उन्होंने कहा कि मो.जफर एवं उनके दोनों पुत्र द्वारा थाना क्षेत्र में कई जगह अपराधी घटना को अंजाम देने के साथ मोबाइल फोन पर कई लोगों से रंगदारी की मांग किया करते थे. मो.जफर व उनके पुत्र पड़ोसी देश नेपाल में छिपे हुए हैं. मो.जफर व उनके पुत्र पूर्व में भी गोली एवं रिवाल्वर के साथ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था. यह सभी अपराधी पुलिस के डर से नेपाल में छिपे हुये हैं और वहीं से अपना गैंग चला रहा है. इन अपराधियों को पकड़ने के लिये बिहार सरकार ने नेपाल सरकार से संम्पर्क साधा है. बिहार पुलिस एवं नेपाल पुलिस के सहयोग से शीघ्र इन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस अभियान में एएसआई हरेन्द्र राय सहित पुलिस बल मौजूद थे.
